Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

महाप्रभुजी का संन्यास

तभी अचानक श्री महायोगी देवपुरीजी महाराज गाँव बड़ी खाटू पधारे। उन्होंने श्री महाप्रभुजी को संन्यास धर्म के प्रधानाचार्य श्री शंकराचार्य से परमहंस की पदवी ग्रहण करने की आज्ञा दी। गुरुदेव की आज्ञा पाकर श्री महाप्रभुजी ने पुष्कर की ओर प्रस्थान किया।

वहाँ पर ब्रह्माजी के मन्दिर में गुरुदेव अपने सत्संग मण्डल सहित ठहरे और चारों पीठ के शंकराचार्य को वहाँ पधारने का आमंत्रण भेजा। काशी के महामण्डलेश्वर आचार्य श्री कृष्णानन्दजी महाराज को भी आमंत्रण भेजा। सम्पूर्ण हिन्दुस्तान के बड़े-बड़े विद्वानों और संन्यासी महात्माओं का पुष्करराज में शुभागमन हुआ। उस वृहद् सम्मेलन में हरि उत्सव, सत्संग तथा मेले का आयोजन एक साथ ही किया गया। सर्वत्र आनन्द का साम्राज्य फैल गया। भगवान्‌ श्री शंकराचार्य तथा आचार्य श्री कृष्णानन्दजी महाराज एवं अन्य आचार्यों ने 'विरजा हवन' यज्ञ करके विधिपूर्वक परमहंस की उपाधि प्रदान की। उसी समय वहीं पर श्री समरथसिंह जी को भी परमहंस की उपाधि दी गई तथा उनका संन्यासी नाम श्री शंकरपुरी रखा गया।

ततपश्चात् श्री महाप्रभुजी ने कहा कि "तुम अपने गाँव बोलागूड़ा चले जाओ, वहाँ पर श्री हरिरामपुरी द्वारा बनाई गयी गाँव के बाहर कुटिया में ही रहकर तपस्या करनी होगी और कहीं मत जाना। तुम्हें सर्व सिद्धियाँ व आत्म-ज्ञान वहीं पर प्राप्त होगा।"

"कोई किसी का नहीं, सांच पकड़ भज साँई ।"

उसके पश्चात्‌ शंकरपुरी जी गुरु आज्ञा पाकर उसे शिरोधार्य करके बोलागूड़ा आये। वहाँ पर गाँव के बाहर कुटिया जो हरिरामपुरी जी के लिए बनायी गयी थी, उस कुटिया में ठहरे। आज उस कुटिया को "शिव-बाग" के नाम से जाना जाता है। यहीं पर श्री शंकरपुरीजी ने अपना आसन लगाया। आस-पास के नागरिकगण इस रहस्य को समझ नहीं पाये। उन्हें विश्वास ही नहीं हो रहा था कि राक्षस प्रकृति का पुरुष साधु कैसे बन गया? लोग उनके पास उस कुटिया में आने-जाने लगे। वहाँ पर प्रतिदिन सत्संग होने लगा। लोगों की संख्या बढ़ती गयी। श्री शंकरपुरीजी महाराज के सत्संग से वे सभी लोग प्रभावित होने लगे।

आपके पास ही श्याम तालाब में कुछ जानवर थे। एक दिन खिवांड़ा ठिकाने के प्रसिद्ध वीर ठाकुर श्री जोरावरसिंह अपने साथ दस-पन्द्रह व्यक्तियों को लेकर शिकार करने हेतु उस तालाब पर आये। तालाब के पास ही शंकरपुरीजी महाराज विराजमान थे। श्री जोरावरसिंह ने आगे बढ़कर अपने चाचाजी श्री समरथसिंह जी को प्रणाम किया तब श्री शंकरपुरी जी ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए पूछा, "आज आप कहाँ जा रहे हैं?" तब जोरावरसिंह ने उत्तर दिया, "मैं आज आपके पास इस तालाब के जानवरों का शिकार करने आया हूँ।" यह सुनकर श्री शंकरपुरी जी महाराज ने ऐसा करने से मना कर दिया तथा कहा, "जब तक मैं यहाँ पर हूँ तब तक कोई व्यक्ति यहाँ पर शिकार नहीं कर सकता।"

श्री शंकरपुरी जी के कहने पर भी जोरावरसिंह नहीं माने और कहा, "मुझे शिकार करने से कोई नहीं रोक सकता है। मैं अवश्य ही शिकार करूँगा। अगर बीच में कोई व्यघ्न उत्पन्न करेगा तो मैं उसे देख लूँगा और आपने तो असंख्य जानवरों को मारा है।" तब श्री शंकरपुरीजी ने कहा कि "मैं उस समय अज्ञानी व अन्धा था, लेकिन अब गुरुदेव ने मेरे हृदय में ज्ञान की ज्योति जलाकर अज्ञान रूपी अंधियारा हटा दिया है। अब मैं न तो स्वयं शिकार करता हूँ और न करने देता हूँ।"

श्री शंकरपुरी जी के लाख समझाने पर भी जोरावरसिंह ने अपना निश्चय नहीं बदला। तब दोनों में इस बात पर विवाद बढ़ता गया। कुछ समय पश्चात् जब समरथसिंह जी (शंकरपुरीजी) अपना पुराना रूप दिखाने लगे तब जोरावरसिंह घबरा गये। उन्होंने मन ही मन में सोचा, "मैं तो सोच रहा था कि काका साहब साधु बन गये हैं, अत: क्रोध त्याग दिया होगा और मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकते हैं, परन्तु यह तो पहले जैसे ही हैं। अब मैं क्या करूँ?"

जोरावरसिंह लगातार तीन दिन तक श्री शंकरपुरी जी महाराज से इसी विषय पर बहस करते रहे। अन्त में विजय श्री शंकरपुरी जी की हुई। उन्होंने जोरावरसिंह को वहाँ पर शिकार नहीं करने दिया।

उस समय राजश्री मेहराम जी के गूड़ा में श्री महाप्रभुजी का चातुर्मास कार्यक्रम चल रहा था, तभी श्री जोरावरसिंह वहाँ पहुँचे और उन्होंने श्री गुरुदेव से कहा कि "आपका शिष्य शंकरपुरी जी हमें उस तालाब के पास शिकार करने से रोकता है। उन्हें समझा दीजिये कि हमारे कार्य में बाधा नहीं डाले।"

जोरावरसिंह की यह शिकायत सुनकर श्री महाप्रभुजी ने श्री शंकरपुरी जी को वहाँ बुलाया और कहने लगे, "शंकर, ठाकुर साहब को शिकार करने से मत रोको।" तब श्री शंकरपुरी जी ने कहा, "गुरुदेव, मुझे शिरोधार्य है, लेकिन जीवों को मारने की इजाजत मैं कैसे दे सकता हूँ। इस विचारणीय प्रश्न में मुझे सही सुझाव देने की कृपा करावें।"

इस वार्तालाप को सुनकर अचानक ही जोरावरसिंह बीच में बोल पड़े, "आप धन्य हैं महाप्रभुजी और धन्य है आपका शिष्य श्री शंकरपुरी जी। मुझे शिकार नहीं करना चाहिये। मैं तो मात्र मेरे काकाजी श्री शंकरपुरी जी की परीक्षा ले रहा था।" तब श्री शंकरपुरी जी महाराज ने कहा, "जोरावर, जिस व्यक्ति पर गुरुकृपा होती है, वह व्यक्ति सभी परीक्षाओं में सफल होता है।" ऐसा कहकर वे दोनों सच्चे सन्त व सेवक बड़े आनन्द से आपस में मिले। उस समय श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराते हुए उनसे कहा, "वाह-वाह! तुम दोनों सच्चे क्षत्रिय हो।" इस प्रकार श्री शंकरपुरी जी अपने स्वधर्म पर अटल रहे। बाद में श्री शंकरपुरी जी महाराज बहुत बड़े सिद्ध पुरुष हुए। कुछ वर्षों बाद उन्होंने स्वयं की इच्छा से जीवित समाधि ली।