
जब श्री महाप्रभुजी पुष्करराज में विराजमान थे, उस समय अजमेर में हिन्दुओं और मुसलमानों के बीच धर्म सम्बंधित साम्प्रदायिकता का भेद बढ़ने लगा। श्री महाप्रभुजी को निष्पक्ष महात्मा समझकर दोनों पक्षों के शिष्ट पुरुष पुष्कर में श्री महाप्रभुजी के समक्ष उपस्थित हुए। दोनों पक्षों ने अपने-अपने मत श्री महाप्रभुजी के समक्ष प्रकट किये। पूर्व तथ्य सुनने के पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने दोनों पक्षों को समझाते हुए यह भजन प्रस्तुत किया।
भजन (राग आसावरी)
सुणजों हिन्दू और मुसल्ला रे।
इन बातों में मुक्ति नहीं, दोनों दीन डुबोला रे॥ टेर॥
हिन्दू होकर राम भूला, मुसलमान होकर अल्लाह रे।
दोनों दीन आदि से चूक्या, चूक गया तुम सलाह रे॥ १॥
वो ही राम वो ही ईश्वर, वो ही मौला, अल्लाह रे।
मन मतवालो माने नहीं रे, फिर-फिर डाले गल्ला रे॥ २॥
मुसलमान मक्का जो जावे, सिजदा जाय करेला रे।
हिन्दू भाग गंगाजी जावे, जल के माहीं नहावेला रे॥ ३॥
पंडित होकर पढ़े पुराणां, बोध बिना झूंठ रहेला रे।
काजी होकर पढ़े कुरानां, कलमा नहीं जपेला रे॥ ४॥
मुसलमान कोई मस्त लखेला, कोई सन्त समझेला रे।
श्री स्वामी दीप संन्यासी बोले, निराकार का चेला रे॥ ५॥
"कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'”
इस भजन को सुनकर दोनों पक्षों को अपनी-अपनी भूल का अनुभव हुआ। दोनों पक्ष भली प्रकार शान्त होकर, गुरुदेव को प्रणाम करके वहाँ से चले गये।
श्री महाप्रभुजी प्राय: मन्दिर में बहुत कम जाते थे। एक बार बहुत साधु ब्राह्मणों ने आपसे निवेदन किया कि, "आप भगवान् के दर्शनार्थ मन्दिर में क्यों नहीं पधारते।"
साधुओं के इस प्रश्न के उत्तर में श्री महाप्रभुजी ने सुमधुर वाणी में यह भजन सुनाया—
भजन
मेरा देवरा में देव बाहर नहीं भटकूं।
बाहर नहीं भटकूं, भरम में नहीं अटकूं॥ टेर॥
नहीं कोई काशी, मथुरा धामा, मेरे घट में मेरे रामा।
जाने कोई चतुर सुजान, गम नहीं सठकूं॥ १॥
नहीं कोई देव प्रयाग हरिद्वारा, ज्ञान बिना यह निष्फल सारा।
मोक्ष कबहूं नहीं होय, नहावें गंगा तटकूं॥ २॥
आत्मदेव लख्या मैं न्यारा, काल, कर्म क्या करे हमारा।
तोड्या भरम घूंघट कूं॥ ३॥
सतगुरु आया आया हंस चेताया, मुक्त पढ़ाया स्वरूप लखाया।
खोल्या अन्दर पटकूं॥ ४॥
श्री पूज्य देवपुरी भगवान्, श्रीदीप कहे मेरा मन माना।
आत्मदेव लखाया झटकूं॥ ५॥
इस भजन को सुनकर उन साधु ब्राह्मणों ने कहा, "हे महाप्रभुजी! आप तो स्वयं मन्दिर तथा तीर्थ हैं। आपके सान्निध्य में आकर हमारा अज्ञान दूर हो गया।"
तब पूज्य श्री महाप्रभुजी ने कहा, "तुम लोग भगवान् के दर्शन के लिए मन्दिरों में क्यों भटकते हो? भगवान् तो स्वयं तुम्हारे अन्दर विराजमान है। इस संदर्भ में मेरा एक भजन सुनो—
भजन (पद राग पारा हंस)
तेरा देवरा देव बाहर मत डोले।
बाहर मत डोले, परबत राई ओले॥टेर॥
ऐसे व्यापक है गोसाँई, अग्नि दारू तेल तिल माँही।
सतगुरु चतुर सुजान, वांरो भेद खोलो॥१॥
जैसे मृग वन खण्ड भटकन्दा, सूंघे घास हृदय का अन्धा।
ऐसे जगत पड़ी सब फंदा,
भ्रम मिटे पल मांय। सतगुरु शरणे होले॥२॥
सतसंगत जग में सुखधारा, जो कोई जाय करे नित प्यारा।
कर्म क्लेश मिटे सब बारा, ज्ञान गंगा भीतर वे नहाय कर मैल धोले॥३॥
तारण-तिरण सन्त अवतारा, भव सिन्धु से पार उतारे,
अलक पलक खोले॥४॥
फिर प्रभु ने कहा—'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'
इस भजन को सुनकर साधु ब्राह्मण बहुत प्रभावित हुए। उन्होंने गुरुदेव का आभार व्यक्त किया और प्रणाम करके चले गये।