
दस-बारह हठयोगियों का एक दल श्री महाप्रभुजी के पावन आश्रम में आया। उस समय श्री महाप्रभुजी सोये हुए थे। उनको सोते हुए देखकर उन महात्माओं ने यह विचार किया कि श्री महाप्रभुजी तो दिन में भी सोते हैं। ज्योंही उन्होंने यह विचार मन में लाया तभी श्री महाप्रभुजी बैठ गये। उन्होंने बहुत प्रेमपूर्वक उन महात्माओं का आदर-सत्कार किया। श्री महाप्रभुजी ने उनकी शंका का समाधान करते हुए "निद्रा के रहस्य" को अपने अनुभव से बनाये गये इस भजन द्वारा समझाया—
भजन (कव्वाली)
योगीजनों की योगनिद्रा, विरला सन्तजन जानि है।
उस निद्रा में जाग्रत जाने, पुनि रात्रि में दिवस उगानी है॥टेर॥
उल्टा नैन सेन में लागा, सुन्न में सहज विछानी है।
निरावलम्ब का पंखा चाले, पुनि श्वेत सुन्न सेलानी है॥१॥
उल्टा फूल खिल्या है सम्मुख, लखी उरद मुखवानी है।
तुरियै तार लग्यौ निराधारा, बे-गम की गम जानी है॥२॥
सुन्न में सूर अनन्ता उगा, कुदरत कला पिछानी है।
उल्टी कला कमल में जागे, चेतन पुरुष सुज्ञानी है॥३॥
अधर तख्त पर आप विराजे, नित्य नाम निरवानी है।
नूर मिल्यौ खेल में खेल्यौ, सुन्न में तार चलानी है॥४॥
सन्त तन्त हैरन जन लाग्यौ, सूरत अगम घर जानी है।
जहाँ देखै वहाँ सुन्न चेतन है, और नजर नहीं आनी है॥५॥
हद बेहद हाँका कर तो, पायो पुरुष अमानी है।
उसी पुरुष से सैन मिलावे, मुख बतलावै बानी है॥६॥
करे दीदार नूर जब दर्शे, भला भाग मिल जानी है।
शंकर स्वामी अन्तर्यामी, योग कला जिन जानी है॥७॥
श्रीकृष्ण सच्चा संन्यासी, गीता में गम गहनी है।
और अनन्त ऋषि गाँवै, समझे सोई जन रहनी है॥८॥
श्री अलख पुरीसा दण्डी संन्यासी, उल्टी कला पिछानी है।
श्री देवपुरीजी अवधूत औलिया, देह बिना देश दिखानी है॥९॥
ऐसी विधि कोई विरला जाने, वो तो गुरुगम सैनी है।
श्री स्वामी दीप सन्तजन सूरा, चेतन चेत चेतानी है॥१०॥
इस सारपूर्ण भजन को सुनकर वे सभी हठयोगी महात्मा श्री महाप्रभुजी के चरणों में नतमस्तक हो गये। उन्होंने अपनी भूल के लिए श्री गुरुदेव से क्षमा याचना की। गुरुदेव की योग निद्रा सचमुच अलौकिक है। उन साधुओं ने इससे पूर्व इस रहस्य को नहीं जाना था। उन्होंने तो सोचा था कि गुरुदेव यों ही सुस्वादिष्ट भोजन से तृप्त होकर नींद से सो रहे होंगे। अब उन्होंने योग निद्रा के रहस्य को जान लिया था। इसके पश्चात् उन हठयोगियों ने गुरुदेव को दण्डवत् प्रणाम किया और चलने लगे। तब प्रभु ने कहा—
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'