Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

पाली जिले में सत्संग

श्री महाप्रभुजी

श्री महाप्रभुजी भक्तों के साथ

श्री महाप्रभुजी बड़ी खाटू पधारे हुए थे। वहाँ पर आप प्राय: बगीची में ही विराजते थे। वहाँ प्रतिदिन सत्संग का कार्यक्रम चलता रहता था, जिसमें आसपास के गाँवों के भक्तों की काफी संख्या रहती थी।

कुछ समय पश्चात् पाली (बोलागूड़ा) से श्री शंकरपुरी जी तथा अन्य भक्त गण श्री महाप्रभुजी को लेने के लिए आये।

भक्तगण तथा शंकरपुरी जी परस्पर मिले। दोनों में गुरुभक्ति तथा आत्मज्ञान की चर्चा हुई, जिसका लाभ हजारों सत्संगियों को हुआ। श्री शंकरपुरी जी ने भक्तों से कहा, "हम लोग श्री महाप्रभुजी को हमारे गाँव ले जाना चाहते हैं, इसलिए यहाँ आये हैं।"

तब भक्तगण ने कहा, "प्राणनाथ! गुरुदेव के दर्शन हुए बिना हमें शान्ति नहीं मिलेगी। तब उनको आश्वस्त करने के लिए श्री शंकरपुरी जी ने कहा, "श्री महाप्रभुजी तो आपके हृदय में हैं। वे अखण्ड रूप से सर्वत्र व्याप्त हैं। आप इस सत्संग प्रसंग में किसी प्रकार की चिन्ता न करें। हमारे क्षेत्र में बहुत से अधम जीवों का उद्धार श्री महाप्रभुजी की असीम कृपा से ही सम्भव है। अत: आप श्री गुरुदेव को हमारे साथ पधारने की सहमति प्रदान करावें।"

इस पर भक्तगण ने कहा, "हे स्वामीजी! जैसी आपकी इच्छा हो। सबके हित में ही हमारा हित है।" श्री महाप्रभुजी ने पाली जिले में शुभागमन कर पवित्र करने की सहमति प्रदान कर दी। भक्तगण और समस्त नागरिक स्टेशन तक पहुँचाने आये। जब श्री महाप्रभुजी गाड़ी में विराजमान हुए तब समस्त भक्त जनों की आँखों से अश्रुधारा फूट पड़ी। उनकी स्थिति वैसी ही हो रही थी जैसी कि श्रीकृष्ण के मथुरा गमन के समय गोपी-गोपियों की। किसी से भी कुछ भी कहना, सुनना न बन पाया। वे ऐसे दिखलायी दे रहे थे जैसे कोई उनका सर्वस्व छीनकर ले गया हो।

इस प्रकार सभी भक्त जन दु:खी मन से चुपचाप अपने-अपने घरों को लौट गये। श्री महाप्रभुजी के बिना उन्हें सूना-सूना सा लगता था। सभी सत्संगी परस्पर मिलने पर यह कहा करते थे कि, "हमारे प्राणनाथ, कृपानिधान श्री महाप्रभुजी हमें कब दर्शन देंगे? कब हम अपने दु:खी मन को उनके दर्शन करके सुखी कर पायेंगे?"

दूसरे दिन प्रात:काल ही श्री महाप्रभुजी रेल द्वारा जोधपुर पहुँचे। वहाँ स्टेशन पर आपके दर्शनों के लिए हजारों स्त्री-पुरुष खड़े थे। वहाँ पहुँचते ही उन पर गुलाल और पुष्पों की वर्षा की गयी। श्री गुरुदेव को फूल मालाएं आदि पहनाकर अच्छी तरह स्वागत किया।

एक सप्ताह तक श्री महाप्रभुजी जोधपुर में ही विराजमान रहे। हजारों लोगों ने आपके सत्संग का अनुपम आनन्द प्राप्त किया। सभी की यही इच्छा थी कि गुरुदेव यहाँ पर कुछ दिनों के लिए और विराजमान रहें, किन्तु श्री शंकरपुरी जी ने उन सबसे यही निवेदन किया कि, "हमारे गाँव के सभी भक्त जन श्री गुरुदेव के दर्शनार्थ तरस रहे हैं, अत: आप हमें जाने की आज्ञा दीजिये।"

गुरुदेव के जोधपुर से जाने के समाचार को सुनकर सभी लोग चिन्तित हो गये। श्री महाप्रभुजी को स्टेशन तक पहुँचाने के लिए सभी प्रतिष्ठित व गणमान्य नागरिक भक्त गण आये थे। उस गाड़ी के डिब्बे को रंग-बिरंगे फूलों की मालाओं से सुसज्जित किया गया। गुरुदेव डिब्बे में विराजमान हो गये। समस्त प्लेटफार्म "जय-जय श्री गुरुदेव" तथा "श्री महाप्रभुजी की जय" की ध्वनि से गूँज उठा। सभी व्यक्तियों में यही चर्चा फैली हुई थी कि आपके इस अपूर्व सत्संग तथा दर्शन का आनन्द भाग्यशाली लोगों को ही मिलता है। हमारी तो यही अभिलाषा है कि श्री महाप्रभुजी अपने दीदार (दर्शन) जन्म-जन्मान्तर तक देते रहें।

रेलगाड़ी पाली मारवाड़ जंक्शन से सोमेसर पहुँची। सोमेसर स्टेशन पर हजारों दर्शनाभिलाषी दर्शनार्थ व स्वागतार्थ खड़े थे। गाड़ी के प्लेटफॉर्म पर पहुँचते ही श्री गुरुदेव महाप्रभुजी की जय-जयकार से स्टेशन गूँज उठा। स्टेशन के पास ही पुष्प मालाओं से सुसज्जित एक रथ श्री महाप्रभुजी के लिए खड़ा था। वे इस रथ में विराजमान हुए। रथ रवाना हुआ, आगे बैण्ड-बाजे, नौबत, नगाड़े तथा निशान आदि बाजे वाले हर्ष ध्वनि करते हुए चल रहे थे। यह बहुत बड़ा जुलूस था। इस प्रकार की अभूतपूर्व शोभायात्रा का वर्णन अवर्णनीय है। सोमेसर स्टेशन से दस किलोमीटर की दूरी पर बोलागूड़ा "शिव बाग" पहुँचे। श्री महाप्रभुजी को एक अति सुन्दर आसन पर विराजमान किया गया। भक्त गणों ने हर्षोल्लास के साथ आनन्दपूर्वक आरती, पूजा, प्रार्थना व चरणामृत का पान किया। दिन भर वहाँ हजारों दर्शनाभिलाषियों की पंक्ति बनी रही। गाँव-गाँव से भजन मण्डलियाँ आने लगी। हजारों दर्शनार्थी नित्य भोजन पाते थे। लोगों की धारणा थी कि ऐसा अभूतपूर्व मेला किसी और साधु या महात्मा के यहाँ देखने में नहीं आया। यह तो एक ईश्वरीय चमत्कार ही है।

बोलागूड़ा के ठाकुर साहब श्री रामसिंह जी तथा गाँव के सभी गणमान्य व भक्त लोग श्री महाप्रभुजी की सेवा में उपस्थित हुए थे। श्री गुरुदेव अपने अनुभव से भक्ति, योग तथा ज्ञान से समाज-सुधारक भजनों की रचना करते थे। पहले यह फरमाते—

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

आसपास के सभी गाँवों में यह चर्चा फैल चुकी थी कि जिस स्थान पर श्री महाप्रभुजी के पावन चरण-कमल पड़ते हैं, वहाँ की भूमि पवित्र हो जाती है।

सर्वप्रथम गेनड़ी के जागीरदार राज पुरोहित श्री सुल्तानसिंह जी तथा श्री शंकरलाल जी ने श्री महाप्रभुजी से गाँव गेनड़ी में पधारकर भक्त जनों को दर्शन देने के लिए अनुरोध किया। अपने भक्तों की प्रबल श्रद्धा को देखकर श्री महाप्रभुजी ने यह अनुरोध स्वीकार कर लिया।

श्री महाप्रभुजी की स्वीकृति पाकर श्री सुल्तानसिंह जी तथा अन्य भक्त गण अति प्रसन्न हुए। सम्पूर्ण गाँव को सजाया गया। श्री महाप्रभुजी के सम्मान में एक विशाल जुलूस निकाला गया तथा साथ ही हर्षोत्सव मनाया गया। कलशों व नारियलों द्वारा श्रीमहाप्रभुजी की आरती उतारी गई। सम्पूर्ण गाँव में जय-जयकार के साथ जगह-जगह पर मंगलाचार किये गये। बहुत अच्छा सत्संग का आयोजन रखा गया। इस शुभ अवसर पर श्री सुल्तानसिंह जी व उनकी धर्मपत्नी राधा देवी तथा गाँव के सैकड़ों स्त्री-पुरुषों ने गुरु मन्त्र दीक्षा धारण की।

श्रीमती राधा देवी निरक्षर थी। श्री गुरुदेव ने कहा, "तुम हमारी यह पुस्तक लो और इसे पढ़ना आरम्भ करो।" तब श्रीमती राधा देवी ने हाथ जोड़कर अर्ज किया, "हे महाप्रभुजी, मैं तो अनपढ़ हूँ अत: एक भी अक्षर नहीं पढ़ सकती।" प्रभु ने कहा, "तुम पुस्तक लेकर पढ़ना तो प्रारम्भ करो। इस पुस्तक के हाथ लगाते ही तुम्हें विद्या आ जायेगी।" गुरुदेव की आज्ञा पाकर श्रीमती राधा देवी ने उस पुस्तक को हाथ में लेकर देखा तो उसे देखते ही उन्हें विद्या आ गयी और वह तो एक पढ़े-लिखे की भाँति पढ़ने लगी। यह लीला देखकर हजारों स्त्री-पुरुषों ने आश्चर्य व्यक्त किया, जो लोग वहाँ बैठे हुए थे, वे सब कहने लगे कि "ऐसे सर्वशक्तिमान ज्ञानी सदगुरु ही सब कुछ करने में समर्थ हैं।" श्री महाप्रभुजी तो असम्भव को सम्भव बनाने वाले हैं। श्री महाप्रभुजी ने कहा—

"कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई"

पिलोवनी के भक्त गणों ने गाँव गेनड़ी में आकर श्री महाप्रभुजी से उनके गाँव पिलोवनी में पधारने का हाथ जोड़कर अनुरोध किया। वे श्री महाप्रभुजी से कहने लगे कि, "हे परमगुरु परमात्मा! आप हमारे गाँव पिलोवनी भी पधारने की कृपा करावें।" भक्तों के इस विशेष आग्रह को कृपानिधान श्री महाप्रभुजी ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।

पिलोवनी के राज पुरोहित श्री जुहारसिंह जी व तेजसिंह जी थानेदार तथा गाँव के सभी लोगों ने आपके शुभ आगमन पर बड़ा भारी हर्षोत्सव मनाया। श्री जुहारसिंह जी गाँव बोलागूड़ा बगीची से गाँव पिलोवनी तक दण्डवत् प्रणाम करते आये। बोलागूड़ा से पाँच किलोमीटर दूर पिलोवनी है।

श्री महाप्रभुजी ने पाँच दिन तक गाँव पिलोवनी में सत्संग किया। यहाँ के निवासी सत्संग का अपूर्व आनन्द उठाते रहे। इस ज्ञानामृत से पूरे गाँव के लोग बहुत प्रभावित हुए। यहाँ पर भी बहुत से भक्तों ने गुरु भक्ति धारण की। आज भी यहाँ पर श्री महाप्रभुजी के बहुत से भक्त गण हैं।

इस गाँव के पश्चात् श्री महाप्रभुजी सभी भक्तों की इच्छानुसार बहुत से गाँवों में जैसे सिवास, इन्द्र-वाड़ा, वणदार, जैतसिंह जी का गूड़ा आदि गाँवों में सत्संग के लिए पधारे। गुरुदेव श्री महाप्रभुजी जहाँ भी पधारते वहाँ पूर्व से ही हजारों भक्त श्रद्धालुओं का मेला लग जाता था।