सन् 1953 में श्री महाप्रभुजी ने राई का बाग, जोधपुर में चातुर्मास किया था। मैं उनकी सेवा में था। 5 अगस्त, 1953 सोमवार को प्रात:काल मैंने श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना की, "हे महाप्रभुजी, आपकी आज्ञा हो तो यहाँ जेल में श्री मानसिंह जी से मिलकर आऊँ।" तब गुरुदेव ने कहा, "जैसी तुम्हारी इच्छा।" मैं गुरुदेव की आज्ञा लेकर वहाँ गया तथा श्री मानसिंह जी से मिला। मुझे वहाँ देख वे बहुत प्रसन्न हुए। सतसंग के पश्चात् उन्होंने मुझे भोजन ग्रहण करने हेतु आग्रह किया, उनके आग्रह को स्वीकारते हुए मैंने कहा, "अगर बाजरे की रोटी उपलब्ध हो तो मैं अवश्य ही भोजन करूँगा।" इस इच्छा को जानकर उन्होंने मुझे कहा, "गुरुदेव, मेरे घर पर बाजरे का आटा नहीं है, परन्तु आपके लिए जहाँ कहीं से भी लाकर बाजरे की रोटी बनवा दूंगा। आप भोजन ग्रहण करके पधारियेगा। इसके पश्चात् वहाँ से बाहर गये तथा घंटे भर बाद बाजरे का आटा लेकर लौट आये तथा उन्होंने भोजन बनवाया व मैंने प्रेमपूर्वक भोजन किया व श्री महाप्रभुजी के पास गया।"
कुछ समय पश्चात् मेरे पेट में दर्द होने लगा। दर्द धीरे-धीरे बढ़ने लगा। मुझे दु:खी देखकर महाप्रभुजी ने मुझे इस प्रकार दु:खी रहने का कारण पूछा। मैंने उनसे पेट दर्द के बारे में बताया। उस पर उन्होंने पुन: पूछा, "तुमने आज क्या खाया?" मैंने आज बाजरे की रोटी खायी है। महाप्रभुजी तो अन्तर्यामी थे, उन्होंने तो सब कुछ पूर्व में ही जान लिया था। उन्होंने मुझसे कहा, "तुमने बाजरे की रोटी खाने की इच्छा व्यक्त की थी, यह तुमने अच्छा नहीं किया। यह साधु धर्म में नहीं आता है कि आप किसी भक्त से किसी चीज की फरमाइश करें। यह तो सकामी भोजन है, अत: पेट में दर्द होगा ही। साधु के पास तो भक्त द्वारा जो कुछ भी भोजन में प्राप्त हो जाये उसे ही प्रेमपूर्वक ग्रहण करना चाहिये। तुमने तो मात्र दो होंठ हिला दिये। पर अगले व्यक्ति के घर बाजरे का आटा उपलब्ध न होने से कितनी परेशानी उठानी पड़ी? यह शायद तुम्हें पता नहीं, इसलिए उसका दण्ड भोगना ही पड़ेगा।
महाप्रभुजी की इस सारपूर्ण बात को सुनकर क्षमा मांगते हुए मैंने कहा कि, "गुरुदेव क्षमा करें, मुझसे भूल हो गई। अब कृपा करके मेरा पेट दर्द ठीक कीजिये।" इस पर महाप्रभुजी ने मुझसे पूछा, "भोजन कितने बजे किया था?" तब मैंने बताया, "यही कोई लगभग ग्यारह बजे होंगे।" तब प्रभुजी ने कहा कि, फिर तो तुम्हारा पेटदर्द ग्यारह बजे ही ठीक होगा। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी की आज्ञा अनुसार ठीक ११ बजे पेट दर्द ठीक होगया।
"कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई।"