Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

जैन साधुओं को ज्ञान-ज्योति

शिवबाग आश्रम में श्री महाप्रभुजी के पास जैन धर्म के प्रख्यात आचार्य साधु विजयसूरी जी आये। वे आते ही श्री महाप्रभुजी से शास्त्रार्थ करने लगे। श्री महाप्रभुजी के रहस्यमय व सारगर्भित ज्ञान को सुनकर जैन साधु श्री विजयसूरी जी श्री महाप्रभु के चरणों में गिरकर दण्डवत् प्रणाम् करने लगे। उस समय उस जैन साधु को श्री महाप्रभुजी ने सत्य मार्ग का दिग्दर्शन कराते हुए कहा, "वास्तविक व सच्चा ढूंढ़िया (जैन साधु) वही है जो माया उपाधि को त्यागकर, ब्रह्म को ढूंढ़ता है। वह ब्रह्म को प्राप्त करता है। उसी महात्मा को ब्रह्म का ज्ञान होता है। केवल उच्च शिक्षा पाने वाले ही ब्रह्म ज्ञान को पाने के अधिकारी नहीं होते। उसमें तो ब्रह्मात्मा का ज्ञान होता है। इस प्रकार का व्यक्ति तो भ्रम में भटकने वाला तथा पशु के समान है। ईश्वर की प्राप्ति में बाहरी आडम्बर की आवश्यकता नहीं होती है। ईश्वर की प्राप्ति के लिए भक्त को आन्तरिक दुर्वासनाओं और मोह माया को सच्चे हृदय से त्यागना होता है।

जैन वही है जो अपनी आत्मा के समान ही समस्त विश्व में आत्मा को देखता है। वह किसी से द्रोह नहीं करता है। वह दस दोषों का त्याग करता है। वही सच्चा जैन साधु कहलाता है अत: इस दोहे को याद रखना--

ब्रह्म ढूंढे सो ढूंढिया, दृढ़ता नहीं वे ढेड़।
स्वामी दीप यूँ कहत हैं, ज्ञान बिना फिरै सो भेड़॥

आत्म ज्ञान के बिना मनुष्य के साधन निरर्थक हैं। तत्व ज्ञान के बिना कोई भी व्यक्ति दु:ख से निवृत्त नहीं हो सकता। इस प्रवचन को सुनकर जैन साधु विचार करने लगा। मैंने तो सोचा था कि सनातन धर्म में सच्चे साधु दुर्लभ हैं। श्री महाप्रभुजी मुझे भगवान्‌ महावीर के सम जान पड़ते हैं। ऐसा सोचकर क्षमायाचना माँगते हुए वह कहने लगा, "हे महाप्रभुजी! मैं इस कलयुग में सच्चे महात्मा का अभाव ही समझता था। किन्तु आपने अब मेरी आँखें खोल दी। मैं अब भली प्रकार जान गया हूँ कि अनादि महात्मा ही संसार में अवतार लेते हैं।"

तब श्री महाप्रभुजी ने उस जैन साधु से कहा कि, "देख यह पृथ्वी सतयुग वाली है या कलयुग में दूसरी है?” तब जैन आचार्य ने कहा, "हे प्रभु! यह पृथ्वी तो सतयुग वाली है।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "इसी प्रकार पवन, अग्नि, जल, सूर्य, चन्द्रमा, ब्रह्मवेत्ता, महात्मा और महर्षि भी पहले के सतयुग वाले हैं, धर्म की स्थापना के लिए तथा अपने भक्तों का उद्घार करने के लिए इस कलयुग में भी अवतार लेते रहते हैं। प्रत्येक युग में निमित्त रूप से महापुरुष आते रहते हैं।"

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

इस प्रकार के उत्तम ज्ञान को सुनकर वह जैन साधु नमस्कार करके अपने भाग्य को सराहता हुआ चला गया।