जन्माष्टमी के दिन रात आठ बजे गाँव भिंवालिया से सेठ रूपचन्द सपरिवार तथा गाँव गूड़ा जैतसिंह से श्री भूरसिंह जी, पं. जीवराज जी तथा अन्य भक्त भी श्री महाप्रभुजी के पास सत्संग सुनने आ रहे थे। उस मार्ग में एक नदी है। अत्यन्त भारी वर्षा के कारण उसमें पानी तेज गति से बढ़ता जा रहा था।
उन लोगों ने अन्धेरे में बैलगाड़ी को उस नदी में उतार तो दिया किन्तु पानी के तेज बहाव के कारण बैलों का चलना मुश्किल हो गया। जैसे-तैसे बड़ी कठिनाई से नदी के बीच तक पहुँचे। अचानक ही नदी के पानी का वेग अत्यधिक बढ़ गया और बैल थक गये तथा पानी में डूबने लगे। सभी भक्तगण भयभीत हो गये। वह यह सोचने लगे कि आज की जन्माष्टमी को यह नदी हम सबको भगवान् के पास ले जायेगी।
स्त्रियों तथा बच्चों ने उस समय डर के मारे रोना प्रारम्भ कर दिया। इतने में सभी ने श्री महाप्रभुजी का स्मरण किया। गुरुदेव ने तुरन्त ही उनकी दीन पुकार को सुन लिया था। उन्होंने सभी भक्तों की सहायता की। अनायास ही बैल ताकत लगाकर चलने लगे। नदी का बहाव भी धीमा हो गया। सभी भक्तों को ऐसा अहसास हुआ जैसे कि कोई अज्ञात शक्ति ही गाड़ी को खींचकर बाहर ले जा रही हो। कुछ ही समय बाद वे शिव बाग पहुँचे। वहाँ पहुँचते ही सभी ने श्री महाप्रभुजी के चरण स्पर्श किये। तब श्री महाप्रभुजी ने कहा कि, "आप लोगों ने चिन्ता क्यों की? मैं आपके साथ था। फिर भला मैं तुम्हें डूबने कैसे देता?” तब भक्तों ने उनसे कहा, "आपने हम सबको डूबने से बचाकर नया जीवन प्रदान किया है। अब हम सभी आपकी चरण सेवा में उपस्थित है।"
इसके पश्चात् वहाँ पर सम्पूर्ण रात्रि भर सत्संग चलता रहा। दूसरे दिन जल्दी ही वर्षा हो गयी थी। उस समय सभी भक्तों ने सोचा कि, "आज हमारा भोजन कैसे बनेगा? जगह बहुत कम है अत: गाँव के किसी बड़े मकान में व्यवस्था करना आवश्यक है।" समस्त भक्तजन ऐसा विचार-विमर्श कर रहे थे कि तभी श्री महाप्रभुजी उनके बीच आ खड़े हुए तथा उनसे कहा कि, "आप सभी भोजन बनाने की व्यवस्था हेतु गाँव में मत जाओ। अभी दस मिनट पश्चात् बरसात रुक जायेगी फिर अगर तुम चाहो तो भोजन यहीं पर बना सकते हो। आश्रम की दीवार के बाहर वर्षा उसी गति से होती रहेगी अत: तुम्हारे जूठे बर्तन भी इन्द्रदेव ही धो देगा।"
कुछ समय पश्चात् ही आश्रम की चारदीवारी के भीतर वर्षा होना बन्द हो गयी तथा चारदीवारी के बाहर वर्षा उसी गति से होती रही। सभी ने श्री महाप्रभुजी की इस लीला को अपनी आँखों से देखा। आश्रम भवन में लोगों ने भोजन बनाया तथा प्रेमपूर्वक खाया। इस काम से निवृत होते ही वर्षा उसी गति से पुन: प्रारम्भ हो गयी। इस अद्भुत चमत्कार को देखकर समस्त भक्तगण आश्चर्य करने लगे। प्रभु ने कहा-
'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'
इसके पश्चात् गाँव गाँथी के भक्त विरदीसिंह जी, देवीसिंह जी तथा मोहब्बतसिंह जी राजपुरोहित श्री महाप्रभुजी को आग्रहपूर्वक प्रार्थना करके सत्संग के लिए गाँथी ले गये। वहाँ पर श्री गुरुदेव के दर्शन के लिए अपार जन समूह उमड़ पड़ा। पूर्व में वहाँ पर कम लोगों का भोजन बनाया गया था।
आयोजकगण ने सोचा कि भोजन कहीं कम न पड़ जाये अत: इतने कम समय में भोजन बनाने की व्यवस्था कैसे की जाये? उसी समय श्री महाप्रभुजी ने उनको चिन्ता रहित रहने की आज्ञा दी और कहा कि, "आप लोग भक्तजनों को आनन्दपूर्वक भोजन कराओ। भोजन कम पड़ने की चिन्ता मत करो। यह भोजन तो इन सब भक्तों के ग्रहण करने के पश्चात् भी शेष रहेगा।" गुरुदेव की आज्ञा पाकर भक्तगणों को भोजन कराना प्रारम्भ कर दिया। गुरुदेव ने जैसा कहा था ठीक वैसा ही हुआ। सभी व्यक्तियों के भोजन ग्रहण करने के पश्चात् भी भोजन शेष रहा। इस आश्चर्यजनक लीला को देखकर सभी भक्तों ने कहा, "श्री महाप्रभुजी असम्भव को भी सम्भव कर सकते हैं। आप तो सचमुच गणपति के अवतार हैं एवं रिद्घि-सिद्घि के दाता हैं।"