Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

मातेश्वरी के अन्तिम दर्शन

मातेश्वरी

शिव बाग में श्री महाप्रभुजी अपने भक्तों के बीच विराजमान होकर सत्संग कर रहे थे। तभी अनायास ही श्री महाप्रभुजी चुप हो गये। कुछ समय पश्चात् श्री गुरुदेव ने अपने भक्तों से कहा कि, "आज माताजी मुझे बहुत याद कर रही हैं। मुझे शीघ्र खाटू जाना पड़ेगा। वहाँ जाकर माताजी के दर्शन करूंगा वे शीघ्र ही संसार छोड़ देंगी।" आज उनसे बिछड़े बारह वर्ष (एक युग) व्यतीत हो चुका है। कुछ ही समय में श्री महाप्रभुजी ने वहाँ से चलने की तैयारी की। हजारों भक्त श्री महाप्रभुजी को पहुँचाने के लिए रेल्वे स्टेशन तक आये।

श्री शंकरपुरी जी तथा अनेक भक्तगण आपके साथ ही गाँव खाटू तक आये। वहाँ रेल्वे स्टेशन पर खाटू के अन्य लोग श्री महाप्रभुजी के स्वागतार्थ खड़े थे। विशाल जुलूस के साथ ही श्री महाप्रभुजी का खाटू में शुभागमन हुआ। राज परिवार तथा गाँव के हजारों नर-नारियों ने श्री महाप्रभुजी के दर्शन करके जीवन को सफल कर अपने आपको धन्य माना। जिस प्रकार जल बिना तड़पती मछली को पानी मिल जाने पर नया जीवन प्राप्त होता है ठीक उसी प्रकार वहाँ का भक्त मण्डल भी श्री महाप्रभुजी के दर्शन तथा ज्ञानामृत सत्संग पाकर आनन्दित हो गया।

दो दिन तक खाटू नगर में अत्यन्त चहल-पहल रही। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने अपनी कुटुम्ब यात्रा गाँव हरिवासणी के निश्चय की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि, "मैं पूज्य माताजी के दर्शन करने जाऊँगा। माताजी अब शीघ्र ही परमधाम पधार जायेंगी, अत: मैं उनके अन्तिम दर्शन करने जाऊंगा।"

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

बड़ी खाटू से हरिवासणी पाँच कि.मी. दूर है। इस मार्ग में अनेक स्थानों पर तोरण द्वार बनाये गये। रंग बिरंगे कपड़ों व पुष्पों से मार्ग सजाया गया। नौबत, नगाड़ा, निशान, घोड़े आदि की यथोचित तैयारियाँ कर दी गयी। श्री महाप्रभुजी ने इस यात्रा में पैदल ही चलने का निश्चय किया था। तब आपके साथ आसपास के गाँवों के श्रद्घालु भी पैदल ही चलने के लिए रवाना हो गये। गाजों-बाजों की ध्वनि अत्यन्त हर्षित कर रही थी। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो इन्द्रलोक की देवसेना धरती पर उतर आयी हो।

इस प्रकार अति आनन्दपूर्वक श्री महाप्रभुजी के साथ पूरा जुलूस गाँव हरिवासणी पहुँचा। वहाँ पर मठ में समस्त प्रकार की सुन्दर व्यवस्था की गयी थी। वहाँ पहुँचते ही श्री महाप्रभुजी ने अपनी माताजी के दर्शन किये। गुरुदेव ने माताजी को प्रणाम किया और उनके पास ही बैठ गये। भगवान्‌ स्वरूप पुत्र को अपने पास देखकर ममतामयी माँ की आँखों से अश्रुधारा छलक उठी। उनकी आँखों में हर्ष के आँसू आ गये। तब श्री महाप्रभुजी ने अपनी माताजी से कहा, "मैंने आपको पूर्व में वचन दिया था कि मैं आपके अन्तिम समय में आपके पास उपस्थित रहूंगा। मैं अपने वचन के अनुसार आपके समक्ष उपस्थित हूँ। 'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

अब आपको किसी प्रकार की चिन्ता नहीं करनी चाहिये।" तब उनकी माताजी ने कहा, "अच्छा हुआ जो आपने मुझे समय पर दर्शन दे दिये। अब मुझे कैसी चिन्ता? श्री महाप्रभुजी ने अपनी माताजी से अन्तिम इच्छा जानना चाहा तब माताजी ने कहा, "मेरी अन्तिम इच्छा यही है कि आप जैसे पुत्र को पाकर मैं बहुत प्रसन्न हूँ। निरिच्छा एवं निर्वाण स्वरूप हूँ। आपसे विदा चाहती हूँ।" यह कहते हुए श्री महाप्रभुजी से उनकी माताजी ने हमेशा के लिए विदाई माँगी। परन्तु श्री महाप्रभुजी के आग्रह पर एक दिन के लिए और रूकना पड़ा। उस दिन हजारों लोगों का भोजन पूर्व से ही तैयार था। वहाँ पर उपस्थित समस्त भक्तों ने भोजन प्राप्त किया। दिन भर श्रद्घालु भक्तों का आवागमन होता रहा। वहाँ पर सत्संग चलता रहा। रात्रि में भी जागरण चलता रहा।"

दूसरे दिन श्री महाप्रभुजी की माताजी (श्रीमती चन्दन देवी जी) ने ब्रह्ममुहूर्त में अपने प्रिय पुत्र श्री महाप्रभुजी की ओर निहार कर "हरि ॐ" उच्चारण करके परमधाम को प्रस्थान कर लिया।

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साई'

समस्त भक्तगण शोकाकुल हो उठे। इसके पश्चात् श्री महाप्रभुजी की आज्ञानुसार एक अति सुन्दर बैकुण्ठी तैयार की गयी। माताजी के उस पार्थिव शरीर को उसमें बिठाकर विशाल जुलूस के साथ वैदिक विधि से समाधि दी गयी। समस्त अन्तिम संस्कार पूर्ण होने के बाद वहाँ पर संतों के भोजन (भण्डारा) का आयोजन किया गया। इस मेले में हजारों साधुओं ने भोजन किया। कुछ दिन वहाँ ठहर करके श्री महाप्रभुजी आश्रम पधार गये। यहाँ से बोलागूड़ा "शिव बाग" पधारे।