Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

ठाकुर भूरसिंह

श्री महाप्रभुजी के परम भक्त राजश्री भूरसिंह जी जो कि गाँव महरामजी का गूड़ा के ठाकुर थे। आप वीर पुरुष व निशानेबाज थे। उड़ते हुए पक्षी को मारना आपके बांये हाथ का खेल था। आप सौम्य स्वभाव के जरूर थे परन्तु कभी किसी साधु-सन्त को नहीं मानते थे। आपने जब श्री महाप्रभुजी की महिमा सुनी तो उनके दर्शन करने का निश्चय किया तथा श्री महाप्रभुजी के दरबार में उपस्थित हुए। यहाँ आते ही आपने श्री महाप्रभुजी के सत्संग का लाभ उठाया। सत्संग के पश्चात् ही आपका हृदय परिवर्तन हो गया। फिर आपने श्री महाप्रभुजी से गुरुभक्ति धारण की तथा उनके परम भक्त बन गये। श्री गुरुदेव ने उनको प्रतिज्ञा दिलायी कि मद्य मांस का सेवन तथा जीवहत्या नहीं करेंगे। प्रतिज्ञानुसार आपने ये कर्म फिर कभी नहीं किये। श्री गुरुदेव से दीक्षा ग्रहण करने के पश्चात् आप अपने गाँव वापिस आ गये। यहाँ पर आपका अभिन्न मित्र गुमनाराम रहता था जो कि हिन्दुस्तान का विख्यात जादूगर था। उसने कई राजाओं व महाराजाओं से पुरस्कार व प्रशस्तिपत्र लिये थे। अपने जादू के बल पर वह वहाँ बैठा अनेक विदेशी वस्तुएँ ले आता था। जादू से ही थाली पर कपड़ा रखकर कुछ मंत्र पढ़ने के बाद कपड़ा उठाने पर वह थाली अशर्फियों से भरी मिलती। चाहे जिस देश की वांछित वस्तु वह अपने जादू के बल पर यहाँ मँगा सकता था। उसके जादू को देखकर सब लोग दाँतों तले अंगुलियाँ दबाते थे।

परन्तु वह साधु-संतों को नहीं मानता था। वह जादूगर माँस, मदिरा व मलीन खान-पान का सेवन करता तथा बहुत दुर्व्यसनी भी था। उसके पास एक औघड़ बाबा आया वह स्वयं भी तांत्रिक विद्या में विख्यात था। गुमनाराम के साथ किसी बात पर उसका विवाद हुआ। दोनों में प्रतिस्पर्धा प्रारम्भ हुई। गुमनाराम ने एक फूंक मार कर बाबाजी को पत्थर से चिपका दिया। बहुत प्रयत्न किया लेकिन वे अपने आपको पत्थर से अलग नहीं कर पाये। अन्त में बाबाजी ने अपनी हार मानी और माफी मांगकर चले गये।

इस घटना के पश्चात् तो गुमनाराम का घमण्ड कुछ और भी बढ़ गया। वह समस्त साधु सन्तों को अपने आप से तुच्छ समझने लगा। वह कई पहुँचवान भोपा लोगों से देवताओं के जवाहरात ले जाता था। सभी व्यक्ति उससे भयभीत थे। राजश्री भूरसिंह जी गुरु दीक्षा लेकर अपने मित्र गुमनाराम से मिले तथा अपने गुरुदेव साक्षात् परमात्मा स्वरूप श्री महाप्रभुजी के बारे में उन्हें अवगत कराया और कहा कि "गुमनाराम, मैंने तो श्री महाप्रभुजी के चरणों में उपस्थित होकर शराब, मांस, शिकार इत्यादि दुष्कर्मों को छोड़ने की प्रतिज्ञा की है। यदि तुम्हारी भी इच्छा हो तो श्री महाप्रभुजी के दर्शन कराऊँ।"

यह सुनकर गुमनाराम कहने लगा आप स्वयं कितने समझदार हैं फिर भी किसके बहकावे में आ गये। आज दिन तक मैंने किसी सच्चे साधु महात्मा को नहीं देखा है। सभी ढोंगी हैं। अत: मैं इन सभी साधु-संतों से बढ़कर हूँ। मैं अपने मंत्र के बल पर असम्भव को भी सम्भव बना सकता हूँ। मेरी इस विद्या से बढ़ कर विद्या किसी भी साधु-सन्त के पास नहीं है। तब श्री भूरसिंह जी ने उससे कहा, "अगर तुम्हें विद्या पर इतना घमण्ड है तो फिर परीक्षण के तौर पर सही एक बार श्री महाप्रभुजी के पास चलो।"

अहंकारवश गुमानाराम ने श्री महाप्रभुजी से भेंट करके उनके पराक्रम को देखना चाहा। इस पर श्री भूरसिंह जी ने उससे कहा, "मैं तुम्हें आज ही श्री महाप्रभुजी के पास ले चलूंगा। तुम चाहो तो अपनी विद्या द्वारा उन्हें चमत्कार दिखा सकते हो।" इस बात पर गुमनाराम ने श्री भूरसिंह जी को स्वीकृति देते हुए कहा "मैं आज सायंकाल आपके साथ गुरुदेव के पास पैदल ही चलूंगा।"

साढ़े नौ बजे दोनों व्यक्ति चले। गाँव महरामजी के गूड़ा से बोलागूड़ा लगभग १२ कि.मी. दूर है। रास्ते में खारड़ा गाँव की नदी आती है। उस नदी के पास ही गुमनाराम को ठोकर लगी तथा वह गिर पड़ा जिससे कि दाहिने पाँव में अधिक चोट आ गयी । उस समय गुमनाराम ने भूरसिंह जी से कहा कि, "ठाकुर साहब रास्ता कष्टपूर्ण होते हुए भी आप रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसी क्या बात है? गुरुदेव कौनसे हमें स्वर्ग नरक दिखा देंगे।" गुमनाराम के मुँह से ज्योंही यह बात निकली त्योंही बोलागूड़ा शिव बाग में विराजमान श्री महाप्रभुजी को स्वत: ही इसका आभास हो गया।

उस समय रात्रि के ग्यारह बजे थे तथा "शिव बाग" में श्री महाप्रभुजी का सत्संग चल रहा था। तब अचानक ही सत्संग में आये भक्तों को श्री गुरुदेव ने बताया कि, "आज एक उद्दण्ड भक्त गुमनाराम सत्संग में आ रहा है। आते वक्त रास्ते में उसके ठोकर लग जाने से दाहिने पाँव में अधिक चोट आ गयी है। उसके उपचार के लिए आप आम्बा-हल्दी मंगवाकर रखें। वह शीघ्र ही आने वाला है। उसके आते ही उसके पाँव पर लगाने से वह ठीक हो जायेगा। खून ठण्डा हो जाने के पश्चात् जम जाता है तथा वेदना बढ़ जाती है। अत: उसके आते ही गर्म खून पर आम्बा हल्दी बाँधना।" इतने में ही राज श्री भूरसिंह जी व गुमनाराम पहुँच गये। दोनों ने श्री महाप्रभुजी को साष्टांग प्रणाम किया।

तब श्री महाप्रभुजी ने मुस्कराते हुए कहा "गुमनाराम, तुम्हारे पाँव में चोट ज्यादा लगी है। इसके उपचार हेतु हमने आम्बा हल्दी मंगवा रखी है। उसे घोंटकर तुम अपने पाँव की चोट पर लगा लो तथा पट्टी बांध लो। कुछ देर विश्राम के पश्चात् दर्द मिट जायेगा। उसके पश्चात् तुम्हारी दूसरी अभिलाषा भी पूरी हो जायेगी। रास्ते में तुमने स्वर्ग-नरक देखने की इच्छा व्यक्त की थी। यहाँ पर गुरुदेव के दरबार में सबकी इच्छा पूर्ण होती है। तुम्हारी इच्छा भी पूर्ण होगी। अभी तो तुम्हें कुछ आराम करने की आवश्यकता है। अत: जाओ आराम करो।"

श्री महाप्रभुजी के ऐसे वचन सुनकर गुमनाराम अवाक रह गया। उसने गुरुदेव से कहा मेरे तो कहीं पर चोट नहीं लगी है। तब श्री गुरुदेव ने कहा, "गुमनाराम, तुम झूँठ बहुत बोलते हो। खारड़ा नदी में तुम्हारे दाहिने पाँव में ठोकर लगने से चोट लगी है। उस समय मैं वहाँ पर तुम्हारी हालत देख रहा था। अब ज्यादा समय व्यर्थ में मत गंवाओ नहीं तो खून ठण्डा हो जायेगा, जम जायेगा तथा वेदना प्रकट करेगा, दर्द बढ़ जायेगा।"

श्री गुरुदेव से उस तथ्य को सुनकर गुमनाराम स्तब्ध रह गया। उसे इस चमत्कार पर आश्चर्य होने लगा तथा मन ही मन सोचने लगा कि, "श्री महाप्रभुजी अन्तर्यामी है इन्होंने यहाँ पर बैठे-बैठे ही अपनी दिव्य दृष्टि से सारी घटना को जान लिया।"

यह सोचते-सोचते अपने पाँव की चोट के उपचार के लिए आम्बा हल्दी घोंटकर लगाना प्रारम्भ किया। तत्पश्चात् पाँव पर पट्टी बांधकर सो गया। कुछ ही देर में नींद आयी तथा नींद में उसने एक अद्भुत स्वप्न देखा। स्वप्न में नर्कपुरी में चला गया। उसने वहाँ पर कई विभिन्न प्रकार की लीलायें देखी। वहाँ पर उसने कई दु:ख भरे दृश्य देखे। रात को दो बजे अचानक ही उसकी आँख खुल गयी। उसने देखा कि श्री महाप्रभुजी का सत्संग पूर्ववत ही चल रहा है।

कुछ समय पश्चात् गुमनाराम को पुन: नींद आ गयी तथा उसे पुन: स्वप्न दिखायी दिया। इस बार वह स्वर्ग में पहुँच गया। वह स्वर्ग के सुख का आनन्द लेने लगा। वहाँ की भव्य रचना देखकर वह बहुत प्रसन्न हुआ। प्रात: पाँच बजे उसकी नींद खुली। वह बैठ गया। उसने देखा कि श्री महाप्रभुजी का सत्संग का कार्यक्रम पूर्ववत ही चल रहा था। अपने भक्तों के बीच विराजमान श्री महाप्रभुजी ऐसे शोभायमान हो रहे थे जैसे खुले आकाश में तारों के मध्य चन्द्रमा चमक रहा हो। श्री गुरुदेव ज्ञानामृत की वर्षा कर रहे थे। यह दृश्य देख गुमनाराम अपने स्थान से उठ खड़ा हुआ। उसके पाँव का दर्द बिल्कुल ठीक हो गया। वह आराम से चल सकता था। वह सीधा श्री महाप्रभुजी के समक्ष पहुँचा तथा साष्टांग प्रणाम करने लगा। उसके पश्चात् एक स्थान पर छुपकर उसने अपनी सारी विद्याओं का परीक्षण करना प्रारम्भ किया। उसकी समस्त विद्यायें निष्फल रही। वह गुरुदेव का बाल भी बाँका न कर सका। वह असफलता पर हैरान था। ऐसी परिस्थिति में श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "गुमनाराम! सूर्य के समक्ष अन्धकार नहीं ठहर सकता। तुम अपनी विद्या को दूसरे स्थान पर चला सकते हो, परन्तु यहाँ पर तुम्हारी दाल नहीं गलेगी।"

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

श्री महाप्रभुजी की लीला को देखकर गुमनाराम आश्चर्य करने लगा। इसके पश्चात् गुमनाराम ने प्रभावित होकर श्री महाप्रभुजी की भक्ति धारण करने का दृढ़ संकल्प लिया।

गुमनाराम विनयपूर्वक निवेदन करने लगा कि, "हे महाप्रभुजी! आप मेरे जैसे अधम जीव पर कृपा करें। मुझे गुरुमंत्र एवं दीक्षा देकर कृतार्थ कीजिये। अधम पुरुष का उद्घार करना ही परम उद्देश्य है। मेरा भी उद्घार कीजिये। मुझे अपने चरणों में स्थान दीजिये।"

तब श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा, "गुमनाराम, अगर तुम्हारी इच्छा है तो आओ मेरे सामने बैठो तथा यह संकल्प करो कि मंत्र-तंत्र तथा जादू-टोनों का प्रयोग आज से किसी अन्य पर भी नहीं करोगे। आज से सदैव के लिए तुम्हें ढोंग व पाखण्ड छोड़ने का संकल्प लेना होगा। तुम्हें अपने परिश्रम की ही कमाई द्वारा जीविकोपार्जन करना होगा। इसके साथ ही तुम्हें माँस-मदिरा आदि का सेवन भी सदैव के लिए त्यागना होगा। इन सब उपरोक्त बातों का मेरे सामने संकल्प लो। उसके पश्चात् ही मैं तुम्हें गुरुभक्ति धारण करने की स्वीकृति दूँगा।"

गुमनाराम ने श्री महाप्रभुजी की आज्ञा को शिरोधार्य करते हुए अपने हाथ में जल लेकर उक्त बातों को मानने का दृढ़ संकल्प लेकर, संकल्प जल को गुरुदेव के चरणों में छोड़ दिया। इसके पश्चात् वह हाथ जोड़कर श्री गुरुदेव के चरणों में गिर पड़ा।

श्री महाप्रभुजी ने उसे आशीर्वाद प्रदान किया तथा उसे समझाते हुए कहा कि, "देख गुमनाराम! किसी कार्य के लिए अहंकार मत करो। पाखण्ड एवम पापकर्म कभी मत करो और अगर तुम ऐसा करोगे तो तुम्हारी दुर्गति होगी। मेरा वचन सत्य मानना। मैं यहाँ समस्त भक्तगणों के मध्य चेतावनी दे रहा हूँ।"

श्री महाप्रभुजी के आशिर्वचनों को शिरोधार्य करने की प्रतिज्ञा गुमनाराम ने ली। वह नतमस्तक होकर स्वयं द्वारा किये हुए पाप कर्मों के लिए क्षमा याचना माँगने लगा। गुरुदेव के चरणों की रज को सिर पर धारण करने लगा। गुरुदेव ने उसको क्षमा कर दिया एवं सदकार्य में सफल होने का आशीर्वाद दिया। इसके पश्चात् राजश्री भूरसिंह जी तथा गुमनाराम अपने गाँव लौट गये।

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

चातुर्मास का समय निकट आया तब राजश्री भूरसिंह जी ने श्री गुरुदेव के समक्ष यह आग्रह किया कि, "हे गुरुदेव! इस बार तो चातुर्मास हमारे गाँव में करने की कृपा कीजिये। यह हमारे सौभाग्य की बात होगी।"

श्री महाप्रभुजी ने राजश्री भूरसिंह जी के आग्रह को मानकर उन्हें स्वीकृति प्रदान कर दी। गुरुदेव से स्वीकृति पाकर राजश्री भूरसिंह जी ने अपने गाँव जाकर चातुर्मास की तैयारियाँ प्रारम्भ कर दीं।

राजश्री भूरसिंह जी ने चातुर्मास के समय अपने प्राण-प्रिय श्री गुरुदेव श्री महाप्रभुजी को अपने गाँव ले जाने के लिए रास्ते में जगह-जगह तोरण द्वार बनवाये। एक विशाल जुलूस के साथ श्री महाप्रभुजी को गाँव महरामजी का गूड़ा की तरफ ले जाया गया। यहाँ उत्तम स्थान पर श्री महाप्रभुजी के लिए अति सुन्दर आसन लगाया गया वहाँ पर सत्संग में पधारने वाले भक्त जनों के ठहरने के लिए भी उत्तम व्यवस्था की गयी। चातुर्मास के दौरान बहुत ही सुन्दर सत्संग का आयोजन हुआ। इस सत्संग कार्यक्रम में आस-पास के गाँवों की भजन मण्डलियाँ भी सेवा में आती थी। उस समय गुमनाराम भी, श्री महाप्रभुजी की सेवा में ही उपस्थित था।

श्री महाप्रभुजी के ज्ञानामृत से हजारों भक्त श्रद्घालुओं ने लाभ उठाया था।

श्री महाप्रभुजी की प्रतिज्ञानुसार गुमनाराम ने समस्त पाप-कर्म और पाखण्ड पहले से ही छोड़ दिये थे। अब वह खेती द्वारा अपना जीवन-यापन करता था। इस वर्ष उसने मक्के की खेती की थी। मक्का बोने के कुछ समय बाद वह अंकुरित होने लगा। थोड़े ही दिनों बाद खेत लहलहा उठा। बहुत समय तक वर्षा न होने के कारण मक्का की खेती पीली पड़ने लगी तथा उनकी पत्तियाँ भी सूखने लगीं। गुमनाराम के लिए यह बड़े ही दु:ख की बात हो गयी।

गुमनाराम ने श्री महाप्रभुजी से प्रार्थना कर कहा कि, "हे गुरुदेव! मेरे खेत में मक्का की खेती सूख रही है। मेरी तो सारी खेती नष्ट हो रही है और मैं तो बस केवल इसी के सहारे हूँ। यदि खेती नष्ट हो गयी तो मैं व मेरे परिवारजन सभी भूखे मर जायेंगे। अत: आप या तो वर्षा करके खेती हरी-भरी कीजिये या मुझे तंत्र विद्या करने की अनुमति दीजिये ताकि मैं अपने बच्चों का व अपना पेट भर सकूं।"

गुमनाराम की प्रार्थना को सुनकर श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा कि, "गुमनाराम, तुमने अभी तक खाटू के पीर की महाशक्ति को देखा नहीं है। तुम अपने खेत में चले जाओ तथा वहाँ जाकर ऊँची आवाज में पुकारते हुए कहना कि, "हे खाटू वाले पीर! आप वर्षा को भेज दीजिये। इस प्रकार की तीन आवाज लगाना। इतना कहते ही तुरन्त ही तुम्हारी इच्छा पूर्ण हो जायेगी। अगर कम आवाज लगायी तो वर्षा भी कम ही होगी।"

श्री गुरुदेव की आज्ञा पाकर गुमनाराम सीधा अपने खेत में भागा। वहाँ उसने खेत के मध्य में खड़े होकर श्री गुरुदेव के बताये अनुसार पाँच बार आवाज लगायी कि, "हे खाटू वाले पीर! आप वर्षा को भेज दीजिये।" पाँचवीं आवाज में उत्तर दिशा की ओर से एक बदली आयी तथा देखते-देखते ही मूसलाधार वर्षा प्रारम्भ हो गयी। कुछ समय में चारों ओर पानी ही पानी हो गया। अत्यधिक मूसलाधार वर्षा के कारण गुमनाराम का खेत पानी से लबालब भर गया। यह लीला देख गुमनाराम घबराया व उसने देखा कि अत्यधिक वर्षा के कारण मक्का के पौधे जमीन पर गिर गये तथा पानी में डूब गये। अब इस अवस्था में वहाँ पर मक्का की पैदावार तो दूर रही वहाँ पर तो घास भी सड़ जायेगी। यह तो और भी बुरा हुआ।

तभी उसे श्री महाप्रभुजी का स्मरण हुआ तथा वह भागता हुआ श्री महाप्रभुजी के चरणों में उपस्थित हुआ और निवेदन करने लगा कि, "हे महाप्रभुजी, आपकी कृपा से वर्षा तो हो गयी परन्तु अतिवृष्टि के कारण मक्का के पौधे गिरकर पानी में डूब गये। अब ऐसी स्थिति में वहाँ से पैदावार तो लेना दूर रहा, घास भी सड़ जायेगी। अब आप ही मेरी रक्षा कीजिये।"

तब श्री महाप्रभुजी ने उससे कहा कि, "अरे मूर्ख! मैंने तुम्हें केवल तीन बार ही आवाज लगाने की आज्ञा दी थी और तुमने पाँच बार आवाज क्यों लगायी? मैं सब कुछ सुन रहा था। अगर तुमने तीन बार ही आवाज लगायी होती तो पानी भी आवश्यकतानुसार ही बरसता। तुम्हें शायद पता नहीं कि खाटू वाला पीर तो मैं स्वयं ही हूँ। खैर अब यह बात बता कि अगर तुम्हारे मक्का की पैदावार अच्छी हो जाये तो तुम उसमें से कुछ दान-पुण्य करोगे या नहीं?"

श्री गुरुदेव के इस प्रश्न के उत्तर में उसने कहा, "समस्त पैदावार का चौथा हिस्सा मैं धर्म कार्य में खर्च करूंगा।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा, "गुमनाराम तुम अपने खेत के घेरे को फावड़े द्वारा काटकर एक नाली बनाना ताकि खेत का समस्त पानी बाहर निकल जायेगा, फिर मक्का की अत्यधिक पैदावार होगी।"

'कोई किसी का नाहीं सांच पकड़ भज साँई'

श्री महाप्रभुजी की उक्त आज्ञानुसार श्री गुमनाराम ने अपने खेत के धोरे को फावड़े से काटकर एक नाली बनायी तथा पानी बाहर निकाला । इस वर्ष गुमनाराम के खेत की पैदावार सबसे अच्छी हुई।