Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

ग्राम नाडौल व गूड़ा केशरीसिंह में सत्संग

ग्राम नाडौल के भक्तजनों ने श्री महाप्रभुजी के समक्ष उपस्थित होकर उनसे चातुर्मास का आयोजन नाडौल में करने का अनुरोध किया। श्री महाप्रभुजी ने भक्तों के आग्रह को स्वीकार करते हुए उन्हें स्वीकृति प्रदान की। श्री चिमनीराम जी लुहार, सेठ लोग व ग्राम के गणमान्य नागरिकों ने श्री महाप्रभुजी के स्वागतार्थ भव्य तैयारियाँ की। गाँव के मुख्य बाजार में से आपका जुलूस निकाला गया। नाडौल में आपका सत्संग कार्यक्रम अति आनन्ददायक रहा। हजारों दर्शकों एवं अन्य भक्त पुरुषों ने श्री महाप्रभुजी के ज्ञानामृत व सत्संग का अनुपम लाभ प्राप्त किया।

नाडौल के पश्चात् श्री महाप्रभुजी ने गूड़ा केशरीसिंह के ठाकुर श्री रघुनाथसिंह जी के हार्दिक आग्रह को स्वीकार करते हुए उनके ग्राम पधारे। गूड़ा केशरीसिंह में भी सत्संग का आयोजन अति श्रेष्ठ व आनन्ददायक रहा। बहुत से भक्तगणों ने इस शुभावसर पर गुरु भक्ति धारण की। श्री रघुनाथसिंह जी के समस्त परिवार के सदस्यों ने श्री महाप्रभुजी की गुरु भक्ति को अंगीकार किया।