Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

जीवनमुक्त श्री माँगीलालजी माहेश्वरी

श्री माँगीलालजी माहेश्वरी

श्री माँगीलालजी

जिला नागौर तहसील डेगाना के गाँव हरसौर के माहेश्वरी सेठ श्री रामजी करवा के पुत्ररत्न श्री माँगीलालजी परम सुशील, चतुर तथा विद्या के सागर थे। संस्कृत, हिन्दी, अंग्रेजी, उर्दू, गुजराती, मराठी, बंगाली तथा पंजाबी आदि भाषाओं के पूर्ण विद्वान थे। उनके मन में ईश्वर से मिलने की तीव्र इच्छा रहती थी। इसलिए तीर्थ आदि पर अच्छे साधु-संतों के पास अक्सर जाया करते थे। सबसे यही प्रश्न करते कि मुझे ईश्वर प्राप्ति कैसे हो सकती है? तब कोई महात्मा कहते कि व्रत, उपवास आदि करो । कोई कहते नीति-धर्म पालन करो, कोई कहते यज्ञ हवन करो तथा कोई कहते कि योग साधना करो।

इस प्रकार उनको अनेक रास्ते बताये, मगर माँगीलालजी को ईश्वर प्राप्ति का सही मार्गदर्शन नहीं मिला । श्री माँगीलालजी ने बहुत से साधन आदि करके देखे, मगर किसी से कुछ नहीं हुआ। इसलिए उनके मन में नास्तिकता के भाव पैदा हो गये और साधु-सन्तों तथा धर्म-शास्त्रों से घृणा करने लगे।

किसी भक्त से सुना कि बड़ी खाटू में साक्षात् परमात्मा रूप महात्मा विराजमान हैं। फिर क्या देर थी, चातक की तरह प्यासे माँगीलालजी बड़ी खाटू में श्री महाप्रभुजी के पास पहुँचे। मनमोहन परम कृपानाथ गुरुदेव के दर्शन करते ही बड़ी शान्ति प्राप्त हुई जैसे अग्नि के पास बैठने से ताप आता है व बर्फ के पास बैठने से शीतलता आती है, वैसे ही सच्चे ब्रह्मवेत्ता महात्मा के पास बैठते ही अनूठा आनन्द प्राप्त हुआ और अन्तरात्मा जाग्रत होने लगी।

श्री माँगीलालजी ने विचार किया कि अब मेरी इच्छा पूरी होने में देर नहीं है। फिर हाथ जोड़कर श्री महाप्रभुजी से विनयपूर्वक प्रार्थना की, "हे प्रभु! मुझ दीन, अज्ञानी जीव को शरण में लेकर संन्यास देने की कृपा करें।" तब श्री महाप्रभुजी ने कहा कि, "तुम्हें कपड़े रंगवाने की जरुरत नहीं, तुम्हारी अन्तरात्मा में ब्रह्म का ऐसा पक्का रंग लगा दूंगा जिससे कि तुम्हें सर्वत्र ब्रह्म ही ब्रह्म भासेगा।"

तब श्री माँगीलालजी ने निवेदन किया, "हे दया सागर! हमें तो खास अन्तर्रंग की ही जरूरत है।" तब श्री महाप्रभुजी ने पूर्ण कृपा करके उनके सिर पर अपना वृहद हस्तकमल रखा और 'ॐ सोऽहम्‌' का मंत्र स्वासों-स्वास जपने की सहज समाधि की साधना समझायी और कहा कि, "जाओ, एकान्त जगह में कुछ समय तक अभ्यास करना। शिव बाग बोलागूड़ा में एक गुफा है वहाँ चले जाओ। शंकरपुरीजी के पास रहना।"

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

तब श्री माँगीलालजी श्री गुरुदेव की आज्ञा को शिरोधार्य करके दण्डवत प्रणाम करके बोलागूड़ा शिव बाग पहुँचे।

सर्दी के मौसम में तीन माह तक उस गुफा में साधना करते रहे। गुरु कृपा से आत्म-साक्षात्कार हो गया। अपने स्वरूप में मस्त रहते थे। छ: महीने में अन्तर्यामी दिव्य दृष्टिवान महापुरुष बन गये। उनके पास हजारों नर-नारी आते थे और वे बहुत प्रभावित होते थे। जैसे दीपक के पास बिन बुलाये पतंगे आ जाते हैं। वैसे ही जिसके घट में आत्म ज्ञान की ज्योति जगती है हजारों लोग उसके दर्शन पाकर शान्ति प्राप्त करते हैं।

श्री माँगीलालजी अपने गाँव हरसौर में कम ही ठहरते थे वे प्राय: श्री महाप्रभुजी के सान्निध्य में ही रहते थे। अपनी दृष्टि श्री गुरुदेव के पावन चरणों में लगाये बैठे रहते थे। उनकी मान्यता इस दोहे से स्पष्ट है—

गुरु मूर्ति मुख चन्द्रमा, सेवक नैन चकोर ।
अष्ट पहर निरखत रहूँ, गुरु चरण कमल की ओर ॥

इस प्रकार श्री माँगीलालजी अष्ट प्रहर ही श्री गुरु सेवा में रहते थे। ज्योंही गुरुजी को जल पीने की इच्छा होती त्योंही श्री माँगीलालजी को अपनी दिव्य दृष्टि द्वारा इसका आभास हो जाता और गुरुदेव द्वारा माँगने से पहले ही वे जल लाकर हाजिर कर देते थे। इस प्रकार किसी भी व्यक्ति के मन की बात श्री माँगीलालजी जान लेते थे। विशाल सत्संग के आयोजन के समय भक्तगणों के विशेष आग्रह पर श्री माँगीलालजी ने स्वरचित गजल को अति मधुर स्वर में प्रस्तुत किया। गजल निम्नलिखित है--

गजल (कव्वाली)
सदगुरु सच्चा मिल्या जब से ही । भरम को दूर भगाय दिया ॥ टेर॥
कोई तीर्थ बताया मुझे, कोई नेम धर्म समझाते थे।
कोई होम विधि बतलाते थे, इन सबका सार बताय दिया॥ १॥
खोल किवाड़ बताया मुझे वो, घट में नन्द दुलारे को।
केवल रूप मिला घट में तब, ज्योत से ज्योत मिलाय दिया॥ २॥
फूल न गंध सुगंधन में, घट भीतर ऐसे ही व्यापक हैं।
सब संशय दूर हुआ मेरा, तब कर्म को दूर हटाय दिया॥ ३॥
घट भीतर माँही एक रूप है, बाहर रूप अनेक किया।
कहे 'माँगीलाल' प्रभु दीप कृपाकर, अलख पुरुष बतलाय दिया॥ ४॥

इस भजन को सुनकर सभी भक्तगण आनन्दित हो गये। वे सभी श्री माँगीलालजी से अत्यधिक प्रभावित हुए । वे जहाँ भी जाते श्रोताओं की भीड़ वहीं पर खिंची चली आती । कई भक्तगण तो सदैव उनके साथ ही रहते थे ।

श्री माँगीलालजी पुष्कर में विराजमान थे । प्रतिदिन नियमित रूप से सत्संग कार्यक्रम चलता रहता था । एक दिन कुछ द्वेषी लोग बारह खाकी साधुओं के एक झुण्ड को लेकर वहाँ आये । उन साधुओं ने श्री माँगीलालजी से अनेक प्रश्न पूछे। जैसे आपका ज्ञान कौन सा है? हमें बताइये। तुम लोगों को बहका रहे हो, आज तुम्हारी सम्पूर्ण भक्तों के सामने पोल खोलकर रख देंगे, इत्यादि। उनके प्रश्नों को सुनकर श्री माँगीलालजी ने कहा कि, " आप लोग दूर से आये होंगे। पहले शान्तिपूर्वक बैठ जाइये। इसके पश्चात् मैं आपके सभी प्रश्नों का उत्तर प्रेमपूर्वक दूंगा ।"

ऐसा कहने पर साधु लोग बैठ गये। तब श्री माँगीलालजी उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहने लगे कि, "ज्ञान तो गुरुदेव का प्रसाद है। यह ज्ञान रूपी प्रसाद सभी को बाँटने के लिए ही है । अत: आप सभी इसे अवश्य ही ग्रहण कीजिये।" ऐसा कहते हुए उन्होंने आत्मज्ञान पर विस्तारपूर्वक व्याख्यान दिया । इसे सुनकर बारह खाकी साधु मंत्र-मुग्ध हो गये । कुछ समय पश्चात् श्री माँगीलालजी ने अपना व्याख्यान बन्द कर दिया।

तब उन साधुओं ने आत्मज्ञान को पहचाना । सभी साधु श्री माँगीलालजी से क्षमा माँगने लगे और कहा, "महात्माजी, आप तो साक्षात् ब्रह्मरूप सच्चे आत्म ज्ञानी हैं। हम तो कुछ और ही भाव से आपके पास आये थे। आपके सत्य ज्ञान के सामने हमारा अज्ञान जलकर नष्ट हो गया। आपके वचनों द्वारा आत्मज्ञान को सुनकर हमारी आत्मा को सच्चा आनन्द मिला है। अत: हम आपके चरणों में हैं। आप हमें कुछ उपाय बताइये जिससे हम भी ब्रह्म रूपी आत्मा को पहचान सकें। अब तक हम अज्ञान के अन्धकर में भटकते रहे हैं।"

उन साधुओं के इस निवेदन को सुनकर श्री माँगीलालजी ने उन्हें यह भजन सुनाया —

भजन (राग आसावरी)
साधो भाई, अब क्यूं करो तुम मोड़ो।
तेरी सूरता भजन में जोड़ो॥ टेर॥
पाँच -पच्चीस मजूर लगावो, भरम किला को तोड़ो।
फोड़-तोड़ के सड़क बनाओ, दिन रह गया है थोड़ो॥ १॥
नेम धरम की बग्गी बनावो, सूरता को करलो घोड़ो।
फिर बग्गी को जल्दी लाकर, तुरन्त सड़क पर जोड़ो॥ २॥
यहाँ से ब्रह्मनगर हैं दूरो, तेज करि ज्यों घोड़ो।
रस्ता में नदियाँ बहु आवे, चित मत दीजो थोड़ो॥ ३॥
इस विधि वहाँ जाय पहुंचोगे, नहीं तो पावोला फोड़ो।
माँगीलाल कहे समझो मन माँही, जग में खावोला ओड़ो॥ ४॥

अस्तु, हे संतों! अब भी आप देरी क्यों कर रहे हैं? शीघ्र ही संभलना आवश्यक है। उस सत्संग में हजारों भक्तगण उपस्थित थे। द्वेषी लोग दूर बैठे पछतावा कर रहे थे। वे आपस में बातें कर रहे थे। एक ने कहा, "श्री माँगीलालजी सम्मोहन मंत्र जानते हैं। अत: प्रथम दृष्टि में ही व्यक्ति सम्मोहित हो जाता है।" दूसरे ने कहा, "ये भुरकी (एक मंत्र) डालकर लोगों को वश में कर लेते हैं।" तीसरे ने कहा कि, "हमारे ऊपर इनकी भुरकी का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।" उन सभी व्यक्तियों की बातों का आभास श्री माँगीलालजी को हो गया था। उनकी इस भावना को जानकर श्री माँगीलालजी ने उन्हें सम्बोधित करते हुए यह भजन सुनाया--

भजन (राग ठुमरी)
क्यों भरम करै संसारीजी।
भुरकी हमने नहीं डारी॥ टेर॥
सत्य वचन श्रवण में दीना, कथा सुनाई बहु भारी।
भिन्न-भिन्न करके बोध सुनायो, सुगरा समझ लियारी॥ १॥
मोहिनी मंत्र मैं कुछ नहीं करता, जंत्र-मंत्र बेकारी।
छल छिद्र हम कुछ नहीं जाने, राम नाम का आधारी॥ २॥
परम जिज्ञासु चरण में आवै, नारायण रटल्यो वारी।
सदभक्ति का भाव बतावा, नीति धर्म दिखावां॥ ३॥
छोटे बड़े को एक समझकर, श्रवण में वाणी सत्य डारी।
जिस वाणी से मुक्त पठावै, हंस होवे अधिकारी॥ ४॥
ज्ञान हुआ फिर कुछ नहीं दरसै, लगन लगी है रणुकारी।
बगुला से हंस होकर, उड़े पंख पसारी ॥ ५॥
महावाक्य वा शब्द सुनाकर, श्रवण वाणी डारी।
दु:खी जीव को सुखी करके, तन की ताप निवारी॥ ६॥
कोमल वचन दास होय बोला, सत्य प्रतीत हमारी।
श्री माँगीलाल महेश्वरी बोले, सत वचन के अधिकारी॥ ७॥

इस भजन को सुनकर वे द्वेषी लोग निजकर्म पर पछताते हुए श्री माँगीलालजी से क्षमा-याचना माँगने लगे। फिर वहाँ से चले गये।

*

श्री माँगीलालजी के पास कुछ नशेबाज लोग आये और उन्होंने कहा, "आपको भी गाँजे, भांग, अफीम आदि का नशा करना चाहिये। इससे अनोखा आनन्द मिलता है।"

इस बात पर श्री माँगीलालजी ने उनको यह भजन सुनाया--

भजन (तर्ज-गजल)
नशा कर नाम का प्यारे, वृथा क्यों देह छिजोता है।
क्यों पीये तू गाँजे को, क्यूं पीवे तू सुल्फे को।
क्यूं पीवे तू सोमल को, क्यूं अफीम खाता है॥ १॥
क्यूं तुम घोटों भांग को रे, क्यूं दु:ख इतना पाते हो।
नशा यह तुच्छ मात्र है कि, फिर यह दूर होता॥२॥
नशा एक प्रेम का भारी, हरदम एकसा रहता है।
धूणी लगती है ईश्वर में, कर्म का मैल धोता है॥३॥
गुरु मैं दीप हरि पाया, नशा करना वो बतलाया।
नशा कर माँगीलाल सुख पाया, के दिल में ध्यान होता है॥४॥

श्री माँगीलालजी के मधुर कण्ठ से इस भजन को सुनकर सभी नशेबाज लज्जित हुए और आपसे क्षमा-याचना करते हुए चले गये।

*

श्री माँगीलालजी उन दिनों श्री महाप्रभुजी के पास ही रहते थे। उस समय कुछ लोग उनके पास आये और कहने लगे, "हे माँगीलालजी! हमें एक हजार रुपये की आवश्यकता है। आप उधार देने की कृपा करें ।" तब श्री माँगीलालजी ने कहा, "अगर हजार रुपये चाहिये तो बाजार में जाओ, हमारे इस गुरुद्वार पर तो मोक्ष मिलता है।" इतना कहकर उन्होंने यह भजन सुनाया--

भजन (राग रेवता) ताल कव्वाली
हजार चाहिये तो बाजार मिलै, मोक्ष चाहिये तो गुरुद्वार मिलै।
अधिकारी होवे तो सार मिलै, सत्संग करे तो विचार मिलै।
हरिजन मिले तो दीदार मिलै, सुरलोक मिल्या तो ये हंस खिलै।
हरिदेव मिल्या तो ब्रह्म मिलै, परब्रह्म मिल्या तो प्रीति मिलै।
वेदान्त पढ़े तो सिद्घान्त मिलै, जोगी मिले तो जतान्त मिलै।
सतवादी मिले तो सतान्त मिलै, आदि मिले तो मध्य अन्त मिलै।
सन्त मिले तो तंत मिलै, तन्त मिल्या महातन्त मिलै।
गुरुदेव मिले तो कूंची मिलै, कूँची मिले तो ताला खुलै।
ताला खुले तो खजाना मिलै, खजाना मिले तो हीरा मिलै।
हीरा मिल्या तो प्रकाश मिलै, प्रकाश मिल्या तो वो ज्योति खिलै।
ज्योति मिले तो शक्ति मिलै, शक्ति मिले तो निशंक मिलै।
निशंक मिले तो लक्ष मिलै, लक्ष मिले तो अलाक मिलै।
अलाक मिले तो भलाक मिलै, भलाक मिले तो ये नैन खिलै।
नैन खिले तो वो दिल मिलै, वो दिल मिले तो सुशील मिलै।
सुशील मिले तो आनन्द मिलै, आनन्द मिले तो ये कंवल खिलै।
कंवल खिले तो मन बुद्घि मिलै, मन बुद्घि मिले तो बोध मिलै।
बोध मिले तो बोधान्त मिलै, बोधान्त मिले तो सिद्घान्त मिलै।
सिद्घान्त मिले तो ग्ये-ग्यात मिलै, ग्ये-ग्यात मिले तो ध्ये-ध्यान मिलै।
ध्यान मिले तो महा ज्ञान मिलै, महा ज्ञान मिले तो विज्ञान मिलै।
विज्ञान मिले तो वो असती मिलै, असती मिले तो ये भाँति मिलै।
ये भाँति मिले तो यह प्यार मिलै, यह प्यार मिले तो यह नाव मिलै।
ये नाव मिले तो रूप मिलै, ये रूप मिले तो अरूप मिलै।
अरूप मिले तो स्वरूप मिलै, स्वरूप मिले तो अतीत मिलै।
अतीत मिले तो आनन्द मिलै, आनन्द मिले तो परमानन्द मिलै।
परमानन्द मिले तो प्रसाद मिलै, प्रसाद मिले तो अगाध मिलै।
हरिप्रसाद मिले तो निरवाद मिलै, निरवाद मिले तो सवाद मिलै।
गुरुदेव मिले तो ये दयाल मिलै, दयाल मिले तो यह हंस खिलै।
हंस खिले तो ये मोती मिलै, मोती मिले तो ये मुक्त मिलै।
मुक्त मिले तो सिद्घान्त मिलै, सिद्घान्त मिले तो आनन्द मिलै।
आनन्द मिले तो चन्द्र मिलै, चन्द्र मिले तो ये प्रकाश खिलै।
प्रकाश खिले तो ये जोत मिलै, जोत मिले तो ये सीपा खिलै।
सीपा खिले तो ये लालां मिलै, लाल मिले तो जीव ब्रह्म मिलै।
ब्रह्म मिले तो आनन्द मिलै, आनन्द मिले तो दृष्टि खिलै।
दृष्टि खिले तो सृष्टि मिलै, सृष्टि मिले तो ये वृष्टि मिलै।
वृष्टि मिले तो सम अष्टि मिलै, सम अष्टि मिले तो दिव्य दृष्टि मिलै।
दिव्य दृष्टि मिले तो ये दीप मिलै, दीप मिले तो कल्याण मिलै।
माँगी मिले तो मुक्ता मिलै, मुक्ता मिले तो सब जुगत मिलै।
जुगत मिले तो सरवज्ञ मिलै, सरवज्ञ मिले तो ज्ञेय ब्रह्म मिलै।

*

कुछ सत्संगियों ने श्री माँगीलालजी से पूछा, "भक्ति की मंजिल मुश्किल क्यों है? इस प्रश्र के उत्तर में श्री माँगीलालजी ने यह भजन सुनाया--

भजन
फजल दोरी मंजिल दोरी, दोरी है दातार की।
नांव की निज टेक दोरी, दोरी सेवा राज की॥ टेर॥
ज्ञान दोरो ध्यान दोरो, दोरी भक्ति पार की।
त्याग दोरो ग्रहण दोरो, दोरी सेन समाज की॥ १॥
काज की निज लाज दोरी, जपट दोरी बाज की।
हंस की निज चाल दोरी, दोरी वंश की पाल की॥ २॥
निरमोही की सेवा दोरी, सहाय दोरी कंगाल की।
राज विद्या अधिक दोरी, दोरी धारा न्याय की॥ ३॥
माता-पिता की सेवा दोरी, दोरी पालना गाय की।
बड़ा से मित्राई दोरी, दोरी सबसे लाभ की॥ ४॥
साहूकारी सबसे दोरी, दोरी सबसे व्यवहार की।
घोड़े की सवारी दोरी, समज सवार की॥ ५॥
संसार में रहनो दोरो, दोरी सत री केण की।
सम दृष्टि की दृष्टि दोरी, दोरी तत्व पिछान की॥ ६॥
टेक फकीरी सबसे दोरी, दोरी गम गुरु ज्ञान की।
पुरुष की पारखा दोरी, दोरी समझ है नार की॥ ७॥
अहंकार को त्याग दोरो, दोरी चित्त की साध की।
दोरी है उपदेश की, दोरी निरणय देश की॥ ८॥
तीन काल की लखता दोरी, दोरी हर हमेश की।
आत्मा को लखवो दोरो, लक्ष दोरी अलेख की॥ ९॥
ऐसी है अनेक औरु, साधना अनन्त की।
लाखन में कोई एक, जाणे है सो तन्त की॥ १०॥
अदम अगाध गति, साख है अनन्त की।
याको कोई भेद समझे, जाने राम जानकी॥ ११॥
माँगीलाल महेश्वरी बोले, चरण शरण भगवान्‌ की।
श्री दीप हरि दया के सिन्धु, रक्षा करो प्राण की॥ १२॥

*

कुछ संतों ने श्री माँगीलालजी से यह जानने की इच्छा प्रकट की कि, महाप्रलय के समय सन्त व महात्मा कहाँ चले जाते हैं? तब श्री माँगीलालजी उनकी जिज्ञासा शान्त करते हुए यह भजन सुनाने लगे--

भजन (राग लावणी-खड़ी)
महाप्रलय से पहले सन्तजन पारब्रह्म मिल जाते हैं।
ब्रह्मानन्द आनन्द लवलीना, फेर जन्म नहीं पाते हैं॥ टेर॥
जन्म-मरण की यहीं मिटाना, प्रलय में नहीं आते हैं।
यह ही सैन है सप्तऋषियों की, विरला सन्त लखाते हैं॥ १॥
आद पुरुष नारायण स्वामी, क्षीर समुन्दर रहते हैं।
उस दरिया में फूल कमल का, वहाँ ब्रह्मा विपु धराते हैं॥ २॥
वहाँ से फिर ब्रह्माजी आकर, सृष्टि का ध्यान धराते हैं।
दाहिने अंग से पुरुष उपाया, बायें अंग से कन्या बनाते हैं॥ ३॥
हरी नारायण समस्त जग का, विष्णुपालन-पोषण करते हैं।
शिवशंकर स्वामी अन्तर्यामी, पुनि श्रृंगार करते हैं॥ ४॥
त्रिगुण माया त्रिलोकी की, उत्पत्ति पालन करते हैं।
ब्रह्मा, विष्णु, शंकर और देवी, ये आद अनादि फिरते हैं॥ ५॥
इन सत पुरुषों का काम यही है, उसी नेम पर रहते हैं।
पुनि ब्रह्मा का समय होवे जब, फिर धुंधूकार बन जाते हैं॥ ६॥
ईश्वर के दरबार मांयने, वो किया जैसा भुगताते हैं।
ईश्वर की फिर इच्छा होवे, पुनि सृष्टि रचाते हैं॥ ७॥
लख चौरासी जीवां जूण, पुनि प्रलय में जाय समाते हैं।
अनेक जन्म के पाप पुण्य को, अपने संग ले जाते हैं॥ ८॥
जीव घणां पुण्य पाप भोगिया, वो दफ्तर जमा कराते हैं।
फिर दूजी बार जीव घणों ने, जूणी चराचर देते हैं॥ ९॥
जो जिनका है पाप पुण्य, पुनि जिनके हि संग दिराते हैं।
महाप्रलय तक फिरो यंत्र में, अपना ही आप भुगताते हैं॥ १०॥
पुनि-पुनि वार प्रलयवे सृष्टि, फेर प्रलय हो जाते हैं।
पुनि-पुनि बार असंख्य प्रलय, जीव चराचर फिरते हैं॥ ११॥
किंचित मात्र पुण्य अनादि, जब अनुचर ही देह पाते हैं।
विषय भोग इन्द्रियों का करके, फिर चौरासी जाते हैं॥ १२॥
चाहे कोई वे राजा, बादशाह, पुनि इन्द्र तक बतलाते हैं।
एक समय में कीड़ी, जिनावर, के भी इन्द्र बन जाते हैं॥ १३॥
इन्द्रलोक का आनन्द लेकर, फिर चौरासी जाते हैं।
अनेक कल्प से ही ऐसे फिरते, गमना गमनी करते हैं॥ १४॥
यज्ञ होम कर पुण्य बधावा, ब्रह्मलोक में भुगतते हैं।
मनुष्य नहीं आ जूण अनुचर, मानुष नाम धराते हैं॥ १५॥
नर नारायण वो ही जगत में, तन अभिमान छुड़ाते हैं।
सदगुण वृत्ति सरल सुभावा, सदगुरु सरणे जाते हैं॥ १६॥
निशकपटी होय नेह लगावे, गुरु चरणों को ध्याते हैं।
मल विक्षेप आवरण नहीं है, निरमल रूप कहाते हैं॥ १७॥
महा वाक्य मंत्र विचारे, पुनि तत्व मसी गुन गाते हैं।
गुरु पीर का ध्यान करे वो, पुनि और नाम नहीं ध्याते हैं॥ १८॥
जब दुनिया ईश्वर को ध्यावे, मानुष पशु नहीं तिरते हैं।
गुरुकृपा बिन भेद न पावे, यह वेद पुराणां गाते हैं॥ १९॥
जो ईश्वर को ध्यान करे वो, पुन विश्व पदार्थ पाते हैं।
लोक और परलोक मांय, इन्दर सा भोग भुगताते हैं॥ २०॥
फेर जन्म चौरासी पावे, मानुस जन्म नहीं पाते हैं।
ब्रह्मा, विष्णु, शंकर स्वामी, शक्ति निराली रहते हैं॥ २१॥
इन चार जणां ने पाप न लागे, दिल चाहे सो करते हैं।
इनकी तो यही है करनी, सृष्टि अनादि रचते हैं॥ २२॥
आप स्वतंत्र जाय विराजै, पुनि जीव विचारे फंसते हैं।
ये चारों मुक्ति नहीं करता, पुनि दूणा बंध लगाते हैं॥ २३॥
अपनी ओट पर चले अनादि, जुग पर जुग बनवाते हैं।
इन पुरुषों के नियम यहीं है, विदेह मुगत नहीं देते हैं॥ २४॥
ब्रह्म भूत ब्रह्म ज्ञानी जाने, योग कला लख देते हैं।
जो सदगुरु सच्चा होवे स्वामी, वो तत में तार मिलाते हैं॥ २५॥
सुन चेतन में जाये समावे, जन्म मरण नहीं पाते हैं।
अजर अमर है मेरी आत्मा, सत्य रूप बतलाते हैं॥ २६॥
अपर सुन में जाय मिले है, फेर जन्म नहीं पाते हैं।
श्री दीपदयालु की करूं वन्दना, ये मुख मंजन बातें हैं॥ २७॥
पढ़े सुने जो ध्यान लगावे, भक्ति पदार्थ पाते हैं।
माँगीलाल महेश्वरी बोले, पुनि श्रीराम सुत ध्याते हैं॥ २८॥

*

श्री माँगीलालजी के पास बहुत से साधु उपस्थित हुए और बोले, "हम साधु लोग अनाज नहीं खाते हैं। हम लोग केवल गाय का दूध पीते हैं। हम शीर्षासन द्वारा तपस्या करते हैं। हम अपने माता-पिता तथा भाई-बहिनों आदि को भी नहीं जानते हैं। हम सदैव मस्त रहते हैं। आप भी हमारी तरह कठिन तपस्या कर मस्त रहें।"

उन साधुओं की ऐसी बातें सुनकर श्री माँगीलालजी ने उनसे कहा, "पूर्ण ज्ञानी सदगुरु नहीं मिलने के कारण आप ऐसे ही फिरते रहते हैं।"

श्री माँगीलालजी की इस बात पर साधु लोग नाराज हो गये। उन्होंने आप से बहुत वाद-विवाद किया। तब श्री माँगीलालजी ने उन्हें यह भजन सुनाकर शान्त किया--

भजन (राग धमाल)
क्यों मुंड मुंडावो साधु तुम, करते फिरो रे विवादु।।टेर॥
कमाकर खाना नहीं आवे, तो भेष धारलो आदु।
पगे पावड़ी हाथ कमण्डल, डाल गले में नादु॥१॥
झोली झण्डा जटा आपारां, चिमटा और बजादु।
धान चून हम कुछ नहीं खाते पीते गऊ का दूधु॥२॥
सवा पहर तक यज्ञ हम करते, पीछे लटकते ऊधु।
सिर के नीचे धूणी लगाकर, आँख मींचकर भुदू॥३॥
ताजा माता खूब वण्या है, सूख छिटकी है धुन्दू।
ताजा-ताजा माखन खावे, ले ले लूणी का लुन्दू॥४॥
ऐसे तो अज्ञान मांयने, बन गया अन्धा धुन्धू।
हम तो ज्ञान ध्यान नहीं करते, सदा रहते आनन्दू॥५॥
माता-पिता हम कुछ नहीं जाने, नहीं जानता है बन्धू।
हम तो हैं नित विरक्त साधु, क्या दुनिया क्या मांदू॥६॥
ऐसे साधु होवे कलियुग में, वे साधु नहीं है, असाधु।
आत्म ज्ञान कोई नहीं समझे, वे पेट भरण का मादू॥७॥
श्री दीप दयालु की करूं वन्दना, चेतन पुरुष आनादू।
माँगीलाल महेश्वरी बोले, मैं चरण कमल का साधु॥८॥

इस भजन को सुनकर वे साधु लोग समझ गये कि, वह तो महान् महात्मा है। इनके आगे ज्ञान की बात करना तो सूरज को दीपक दिखाने के समान है। ऐसा विचार करते हुए वे लोग वहाँ से चले गये।

*

इस प्रकार श्री माँगीलाल महेश्वरी ने समय-समय पर अनुभव के आधार पर अनेक भजनों की रचना की। ज्ञान, भक्ति, योग आदि विद्याओं की चर्चा इन भजनों में पायी जाती है। श्री माँगीलालजी द्वारा रचित भजनों का संग्रह पुस्तकाकार रूप में प्रकाशित है जो कि "श्री माँगीलाल की भजन माला" के नाम से विख्यात है।

*

श्री माँगीलालजी महेश्वरी को शरीर त्यागने का आभास पूर्व में ही हो गया था उन्होंने एक वर्ष पूर्व ही अपने भक्तों को यह बता दिया था कि अमुक तिथि को वे (माँगीलालजी) शरीर त्याग देंगे। अपने निर्वाण समय से दो माह पहले ही श्री माँगीलालजी अपने परम गुरु श्री महाप्रभुजी को अपने गाँव हरसौर ले आये। श्री महाप्रभुजी के सान्निध्य में वहीं पर प्रतिदिन अच्छा सत्संग हुआ। अनेक सत्संगी भक्तों को इस अवसर पर आमन्त्रित किया गया था।

आपने श्री महाप्रभुजी की आज्ञा से निर्वाण तिथि से एक सप्ताह पहले ही अखण्ड कीर्तन प्रारम्भ करवा दिया था। समाधि के दिन ब्रह्ममुहूर्त में श्री माँगीलालजी ने स्नान किया। श्री महाप्रभुजी की श्रद्घापूर्वक अर्चना करके चरणामृत को पीकर इस अवसर पर श्री गुरुदेव ने विनय करते हुए कहा कि, "हे प्रभुजी! आपकी परम कृपा से मुझे सब कुछ मिल गया है। किसी भी प्रकार की इच्छा शेष नहीं है। फिर भी एक जिज्ञासा बनी हुई है।" इस पर श्री महाप्रभुजी ने श्री माँगीलालजी की जिज्ञासा को जानना चाहा। तब श्री माँगीलालजी ने कहा, "हे प्रभु! इस घोर कलियुग में आप साक्षात् परमात्मा विश्वदीप सर्वशक्तिमान दु:खभंजन दातार अमृत सागर इस जग में प्रकट हुए और सांसारिक प्राणी आपकी माया के वश में आपको न पहचान कर जो लाभ लेना चाहिये वो नहीं ले पाये और ताप में जल रहे हैं। हे प्रभु! आपका नाम सर्वशक्तिमान दिव्य सुख शान्ति व बल, विजय, यश आदि सबका बीज है। यही बीज मंत्र है। मेरी यही इच्छा है कि एक बार फिर इस संसार में पुन: जन्म लेकर आपका नाम रूपी प्रसाद बाँटू और लोग आपके नाम की भक्ति धारण करके लोक-परलोक में सुखी हों।

बहुत से भोले लोग भौतिक सुख को ही सर्वस्व मानकर विदेशों में जन्म लेने की इच्छा रखते हैं । आपकी छत्र-छाया में यह इच्छा बहुत से व्यक्तियों की पूर्ण हुई है और हो रही है । अगर मेरी भी इच्छा पूरी हो जावे तो मैं भी सभी जगह आपकी रोशनी से समस्त विश्व को प्रकाशमय बना दूँ। ऐसा वरदान दीजिये।"

तब सर्वशक्तिमान परम कृपानिधान श्री महाप्रभुजी ने कहा, " तथास्तु! ऐसे ही होगा । हे माँगीलाल! तुम्हारी आत्मा परमात्मा में एक हो गयी है। जो जीव परमात्मा में मिल जाता है, वह शिव महेश्वर हो जाता है। अगले जन्म में तुम्हारी इच्छा अवश्य पूर्ण होगी । उस जन्म में भी मैं सदैव तुम्हारे साथ रहूँगा ।"

श्री महाप्रभुजी से यह मनचाहा वरदान पाकर श्री माँगीलालजी ने श्री प्रभुजी के चरणों में मस्तक नवाकर प्रणाम किया। तब श्री महाप्रभुजी ने निज वरद हस्त कमल श्री माँगीलालजी के सिर पर रखकर आशीर्वाद दिया तथा फिर पाँच बार "ॐ" "ॐ" की ध्वनि के बाद ब्रह्म रंध्रभेदन हो गया और सर्वस्व में समा गये।

*

गाँव हरसौर से ३२५ कि.मी. की दूरी पर गाँव बोलागूड़ा है। उसी समय श्री माँगीलालजी वहाँ प्रकट हुए और वहाँ के ठाकुर साहब श्री रामसिंहजी के यहाँ गये। रामसिंहजी ने उनसे कहा, "मैंने तो सुना था कि आज आप अपनी पूर्व सूचना के अनुसार, समाधि धारण करने वाले थे। यहाँ से भी श्री शंकरपुरीजी महाराज गाँव हरसौर पधारे हुए हैं। मैं भी विशेष परिस्थितिवश वहाँ नहीं जा सकता वरना मैं भी आज वहीं पर होता। लेकिन मेरा अहोभाग्य है कि आपने यहीं पर दर्शन दे दिये।"

तब श्री माँगीलालजी कहने लगे, "रामसिंहजी, इस वृहत् दुनियाँ में थोड़ा-बहुत सच-झूठ तो चलता ही आया है। खैर आप मेरे साथ इस वक्त शिवबाग चलिए।" श्री माँगीलालजी के ऐसा कहते ही रामसिंहजी उनके साथ हो गये। दोनों ही बातें करते हुए शिवबाग पहुँचे। वहाँ पर श्री माँगीलालजी ने ठाकुर साहब से कहा कि, "ठाकुर साहब! इसी शिवबाग की इस गुफा में मुझे आत्म साक्षात्कार हुआ था। कुछ समय श्री महाप्रभुजी यहाँ पर विराजमान रहे थे। अत: यह स्थान मुझे बहुत ही प्रिय है। जब कभी मेरा शरीर छूट जाये तब आप इस जगह पर मेरे नाम की समाधि जरूर बना देना।" इतना कहकर श्री माँगीलालजी ने वह स्थान भी दिखा दिया जहाँ पर वह अपनी समाधि बनवाना चाहते थे। उसके बाद ठाकुर साहब ने घर लौटने के लिए ज्योंही कदम बढ़ाया त्योंही श्री माँगीलालजी वहाँ से अदृश्य हो गये। बाद में श्री रामसिंहजी ने उनकी बहुत खोजबीन की परन्तु नहीं मिले और इस विभूति को पुन: नहीं देख पाये। इस घटना के कुछ ही समय बाद श्री रामसिंहजी को घर पहुँचने पर तार द्वारा सूचना मिली कि, "श्री माँगीलालजी ब्रह्मलीन हो गये हैं।" एकाएक तो ठाकुर साहब को विश्वास ही नहीं हुआ। परन्तु वास्तविकता को कहाँ तक नकारा जा सकता है। योगशक्ति के इस अद्भुत चमत्कार को देखकर श्री ठाकुर साहब विस्मय में पड़ गये। उस समय श्री ठाकुर साहब रामसिंहजी के मुंह से ये शब्द निकले, "श्री माँगीलालजी के समान जीवनमुक्त सन्त इस गृहस्थी दुनियाँ में मुश्किल है।"