Lila Amrit

शिष्य · सभी अध्याय

संगीताचार्य परमहंस श्री स्वामी ब्रह्मानन्दजी

राजस्थान के बीकानेर जिले में हियादेसर गाँव के निवासी राजपुरोहित श्री जेठमलजी के सुपुत्र श्री गणेशजी बहुत होनहार व गुणवान पुरुष थे। वे बाल्यकाल से ईश्वर भक्ति में लग गये। जहाँ कहीं पर भी किसी सन्त महात्मा के आने का समाचार मिलता तब श्री गणेशजी शीघ्र ही उस स्थान पर पहुँच जाते थे। साधुओं के सत्संग में प्रेमपूर्वक भजन कीर्तन करते। श्री गणेशजी ईश्वरीय भक्ति के साथ-साथ पढ़ाई में भी अव्वल रहते थे। सदैव प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होते थे। वे संस्कृत व्याकरण के प्रख्यात् आचार्य माने जाते। सन्त महात्माओं के सान्निध्य में रहने से उन्हें हठयोग की षट क्रियाओं का पूर्ण अनुभव था।

वे ब्रह्मचारी वेश में सनातन धर्म का प्रचार करते थे। उनका उपनिषद्, गीता, रामायण आदि ग्रन्थों का नियमित अध्ययन चलता था। उनका कण्ठ अत्यन्त ही मधुर था। उनके मधुर स्वरों में गाये भजनों को सुनने के लिए हजारों भक्त खिंचे चले आते। किसी अन्य के हाथ का बनाया हुआ भोजन वे कभी ग्रहण नहीं करते थे।

श्री गणेशजी प्राय: विद्वान सन्त साधुओं व अन्य महापुरुषों के पास बैठकर शास्त्रार्थ किया करते थे। आप महाज्ञानी होने के कारण तर्क-वितर्क में प्राय: दूसरों को हरा देते थे। यदि कोई प्रकाण्ड ज्ञानी पुरुष होता तो आप उसे त्राटक दृष्टि द्वारा बेहोश भी कर देते थे। इसलिए जहाँ पर भी आप जाते थे वहाँ के साधुओं और महात्माओं को शास्त्रार्थ करते हुए ललकारते थे। इस प्रकार बहुत से विद्वानों को भी आपने पराजित कर दिया था। इस कारण आपके मन में अहंकार पैदा हो गया। आप अपने आपको सर्वोच्च मानने लगे और किसी भी साधु को ढोंगी ही मानते थे।

उनके मन में हार्दिक जिज्ञासा थी। वे श्रीकृष्ण भगवान्‌ के साक्षात् दर्शन के लिए लालायित थे और विरह में प्रेमाश्रु बहाते थे । आप एक दिन जंगल में एक खेत के किनारे वृक्ष की छाया में सोये हुए थे। नींद में उन्हें एक स्वप्न दिखायी दिया।

उन्होंने देखा कि भगवान्‌ श्रीकृष्ण स्वयं एक हाथ में पुस्तक लिए खड़े हैं। भगवान्‌ श्रीकृष्ण ने श्री गणेशजी को हाथ में पुस्तक देते हुए कहा कि, "जिस महात्मा की तुम्हारे हाथ में पुस्तक है वे मेरे ही अवतार हैं।" इतना कहकर भगवान्‌ श्रीकृष्ण अंतर्ध्यान हो गये। कुछ समय बाद श्री गणेश जी की आँख खुली। उनके पास एक पुस्तक थी उस पर लिखा था "श्री दीपपुरी अनुभव प्रकाश"। वे सोचने लगे कि इस पुस्तक पर छपा नाम किस महापुरुष का है? मैं उनके दर्शन कब कर पाऊंगा? स्वप्न तो कल्पना के स्त्रोत होते हैं। अत: जब कभी महात्मा के दर्शन होंगे तब सर्वप्रथम तो मैं उनकी परीक्षा लूंगा।

कुछ समय के पश्चात् पण्डित श्री गणेश अपनी यात्रा के दौरान पाली जिले के गाँव पिलोवनी पहुँचे। इस गाँव में गणेशजी के सम्बन्धी भी रहते थे। इन सम्बन्धी के घर पर ही पण्डित गणेशजी सदैव सत्संग किया करते थे। इधर इन दिनों भगवान्‌ श्री दीप नारायण महाप्रभुजी भी गाँव बोलागूड़ा के शिवबाग में विराजमान थे। एक दिन पिलोवनी गाँव में अपने एक सम्बन्धी के घर पर एक पुस्तक देखी। पुस्तक पर बड़े-बड़े अक्षरों में छपा हुआ था "श्री दीपपुरी अनुभव प्रकाश"। इस पुस्तक को देखते ही श्री गणेशजी विस्मय में पड़ गये। उन्हें पूर्व घटना याद आने लगी तब वह स्वप्न के बारे में सोचने लगे। उस पुस्तक को अपने हाथ में लेकर उन्होंने उस गाँव के अनेक लोगों से श्री दीप नारायण महाप्रभुजी के बारे में विस्तारपूर्वक जानना चाहा।

इनकी जिज्ञासा को शान्त करते हुए गाँव के लोगों ने उन्हें बताया कि, "श्रीदीपनारायण महाप्रभुजी इन दिनों पास ही के गाँव बोलागूड़ा के शिवबाग में विराजमान हैं। आप उनके दर्शन कर सकते हैं।" इतना सुनकर श्री महाप्रभुजी से मिलने व शास्त्रार्थ करने के लिए श्री गणेशजी उतावले होने लगे।

उन्होंने सोचा कि, "वह महात्मा कैसा होगा? पहले तो मैं उससे शास्त्रार्थ करूंगा। शास्त्रार्थ से पहले ही मैं उसे त्राटक दृष्टि से देखूंगा एवं योग द्वारा भी उनकी परीक्षा लूंगा।" ऐसा सोचकर श्री गणेशजी अपने साथ दस-पन्द्रह व्यक्तियों को लेकर बोलागूड़ा पहुँचे।

इधर इस समय भगवान्‌ श्री महाप्रभुजी "शिवबाग" में अपने भक्तजनों को ज्ञानामृत से लाभान्वित कर रहे थे। बहुत से भक्तजन उनकी सेवा में बैठे हुए थे। तभी श्री गणेशजी वहाँ पहुँच गये। वहाँ पहुँच कर अहंकारवश उन्होंने शिष्टाचार की कोई औपचारिकता नहीं दर्शायी। श्री गणेशजी सीधे ही श्री महाप्रभुजी के समक्ष खड़े हो गये। वहाँ पर खड़े-खड़े आप त्राटक दृष्टि का प्रयोग करने लगे। परन्तु श्री महाप्रभुजी पर इसका कुछ भी असर नहीं पड़ा।

वे सोचने लगे कि यह अज्ञानवश अन्धा हो गया है। ऐसा विचार कर श्री महाप्रभुजी ने उस पर जरा-सी कृपा दृष्टि डाली और निहारने लगे। उनकी कृपा दृष्टि उस पण्डित गणेश पर पड़ते ही वह भाव-विभोर होकर गिर पड़ा। वहाँ पर उपस्थित लोगों ने सोचा कि श्री महाप्रभुजी ने उस पर कृपा कर दी है।

कुछ समय पश्चात् गणेश को होश आया। वह रोने लगा और विचार किया, "अरे! यह महाप्रभुजी ही तो मुझे पूर्व में मिले थे। आपने स्वप्न में मुझे कृष्ण रूप में दर्शन दिये थे। मेरा अहोभाग्य है कि मेरा स्वप्न सत्य हो गया।" ऐसा विचार कर पण्डित श्री गणेशजी ने साष्टांग दण्डवत प्रणाम किया और श्री महाप्रभुजी को यह भजन प्रस्तुत किया--

भजन
हरि गुरु मिलिया था पूरब में, हम नहीं जान सकी हेली॥ टेर॥
मैं दु:ख दारूण अबला धारण, सोय रही होय गेली।
आज श्याम प्रभु मिले हरि जी, यूं नहीं समझी पहेली॥१॥
प्रभु मिले कैसे जान सकूं, मैं रही अन्तर में मैली।
पाप पूरण छाय रह्मो म्हारे, नींद भरमना फैली॥ २॥
यो भवसागर है दु:ख भारी, समन्दर पार करो हर वेली।
आगे जन्म अनेक रामजी, भूल भरम में खेली॥ ३॥
अबके अलख आवाज पढ़ाई, सोहं श्रवण सेली।
श्री दीप दयाल दया कर दाता, चरण शरण में ले ली॥ ४॥
ब्रह्मानन्द कर प्रेम प्रियतम से, प्रेम परस ब्रह्म भेली।
जीवन मुक्त अमर पद पाया, फिर नहीं जन्म धरेली॥ ५॥

यह भजन सुनने के बाद पण्डित श्री गणेश से श्री भगवान्‌ महाप्रभुजी ने कहा, "गणेश! तुम रुदन क्यों कर रहे हो? तुम भी मेरे समान ब्रह्मस्वरूप आत्मा हो। मैंने आज से तुम्हारा नाम 'ब्रह्मानन्द' रख दिया है। आज से तुम्हें सभी व्यक्ति इसी नाम से जानेंगे।"

'कोई किसी का नाहीं, सांच पकड़ भज साँई'

उस समय भाव-विभोर होकर पण्डित गणेशजी ने श्री महाप्रभुजी की यह स्तुति गायी--

ॐ नमो गुरुदीप अविनाशी॥ टेर॥
आप ही ब्रह्मा आप ही विष्णु आप ही कैलाश के वासी।
आप ही नारद आप ही शारद आप ही शेष सुखराशी।
आप ही ध्यानी आप ही ज्ञानी आप ही योग प्रकाशी।
आप ही हो ब्रह्म, निरवाणी आप ही चहुँ ओर के वासी।
आप ही हो वेदों के ज्ञाता, आप ही निज रूप के ज्ञाता।
नमो प्रभु दीप प्रणाम ब्रह्मानन्द नूर उर वासी।

इस स्तुति को सुनकर श्री महाप्रभुजी अत्यन्त प्रसन्न हुए। श्री ब्रह्मानन्दजी महाराज को उन्होंने सर्वश्रेष्ठ संगीताचार्य होने का आशीर्वाद दिया और उन्होंने कहा कि, "जड़ और अज्ञानी मनुष्य भी तुम्हारे संगीत को सुनकर ईश्वर के परम भक्त बन जायेंगे।"

श्री महाप्रभुजी की इस लीला को देखकर समस्त भक्त आश्चर्य करने लगे। वे सभी परस्पर कहने लगे कि, "पूर्व जन्म की साधना तथा भक्ति के पूर्ण हो जाने पर विरले मनुष्य ही आत्म जागृति और ब्रह्मज्ञान को प्राप्त कर पाते हैं। इनमें से ही श्री ब्रह्मानन्दजी महाराज हैं। इन्हें श्री गुरुदेव के समक्ष तत्काल आत्मज्ञान प्राप्त हुआ है।" इसके कुछ समय पश्चात श्री ब्रह्मानन्दजी ने एक स्तुति गायी, जो इस प्रकार है--

मैं शरणागत हूँ गुरुदेवा, शुद्घ स्वरूप प्रकाश करी।
ऐसा चेतन आप निरंजन, सब दु:ख भंजन आप हरि॥ १॥
नाम लिया दु:ख दूर होवे, प्रभु पूरण नूर प्रकाश करि।
तम दूर गये प्रकाश भये, गुरुब्रह्म अनुपम दीप हरि॥ २॥
ध्यान धरो आनन्द करो, नर और अविद्या दूर करी।
मन वांछित है सब काज सुधारत, मेधा बुद्घि प्रकाश करी॥ ३॥
ज्ञान घटा घन आवत ऐसे ही, भांदरवे घन आन झरी।
तम दूर गये प्रकाश भये, गुरु ब्रह्म स्वरूप दीप हरी॥ ४॥
यज्ञ योग करे आचार करे, विचार करे कुछ ध्यान धरी।
सिद्घ साध करे ब्रह्म आनन्द करे, धुन ध्यान धरे आनन्द करी॥ ५॥
पाप हरे भव पार करे, यमराज डरै जैसे बाज चिड़ी।
तम दूर गये प्रकाश भये, गुरु ब्रह्म अखण्डित दीप-हरि॥ ६॥
सुत चन्दन नन्दन हों, निरबन्धन रज सुगन्ध प्रकाश करी।
मोहनी मूरत सोहनी सूरत, ज्ञान स्वरूप भण्डार भरी॥ ७॥
ब्रह्मानन्द पुरी प्रणाम करौ, उर ध्यान धरी अरदास करी।
तम दूर गये प्रकाश भये, गुरु ज्ञान अनुपम दीप हरि॥ ८॥

इसके पश्चात् श्री ब्रह्मानन्दजी मस्त दीवाने की तरह गुरुदेव श्री महाप्रभुजी की चरण सेवा में निरन्तर रहने लगे। उनकी तर्क-वितर्क की सब युक्तियाँ तथा स्वयं के हाथ से ही भोजन बनाकर खाना आदि सब छूट गये।

उन्हें जो कुछ भी रूखा-सूखा टुकड़ा मिलता उसे ही खाकर अपना जीवन व्यतीत करने लगे। उन्हें तो रात-दिन हरि भजन का नशा रहता था। उनको इस हालत में देखकर लोग यह प्रश्न करते कि, "आपको यह क्या हो गया है? आप बीमार हैं या किसी ने आप पर जादू-टोना कर दिया है।"

तब श्री ब्रह्मानन्दजी उन्हें यह कहते थे, "मुझ पर प्रेम रूपी जादू का बाण लग गया है। उन्होंने अपनी ऐसी स्थिति को इस भजन द्वारा प्रस्तुत किया—

भजन
प्रेम का बाण मेरे सतगुरु दीना है॥ टेर॥
लागत वचन कंचन खुली खानी। अरस परस हम लीना ऐ॥ १॥
होय मन मगन, दीवानी मैं होय रही। होय निरभय पद लीना ऐ॥ २॥
ब्रह्म विचार धारिया उर माँही, ऐसा वो आत्म चीना ऐ॥ ३॥
चकनाचूर भई भरपूर, दुरमति न्यारी कीना ऐ॥ ४॥
श्री सतगुरु सायब देवपुरीजी, प्रभु दीपदयाल के रंग भीना ऐ॥ ५॥
ब्रह्मानन्द आनन्द अनादि, निरभय नेहचल लीना ऐ॥ ६॥

श्री ब्रह्मानन्दजी के इस भजन को सुनकर सब लोग कहने लगे कि, "इनकी बीमारी तो जगत बीमारियों से निराली है।"

दिनांक ५ अगस्त, १९३२ के दिन दिल्ली में विशाल "धर्म सम्मेलन" का आयोजन हुआ। इस सम्मेलन में श्री ब्रह्मानन्दजी ने भी भाग लिया था। सम्मेलन में कई भाषाओं एवं दर्शन के प्रकांड विद्वान उपस्थित हुए थे। वहाँ पर श्री ब्रह्मानन्दजी के भाषण व संगीत को सुनकर हजारों लोग मंत्र-मुग्ध हो गये। वहाँ पर आचार-विचार हीन व मर्यादाहीन लोगों को देखकर श्री ब्रह्मानन्दजी को बहुत दु:ख हुआ। उन लोगों की अवस्था का ज्ञान हमें आपके इस भजन से होता है--

भजन (राग लावणी)
हाय हमारे भारत में बहु पशु, मनुष्य तन धार लिया॥ टेर॥
धर्म का कछु ध्यान धरे नहिं, खान-पान का मजा लिया।
लाज काज सब खोय दिया, बिन पुरुषार्थ रोय रहा॥ १॥
कुल मलमलकर वस्त्र पहने, तेल फुलैल रमाये रहा।
फिर घर में जिसके होय दारी, निन्दा में दिन खोयरहा॥ २॥
व्याभिचारकरण में भ्रष्ट हुए, कुल स्त्रियों को भरमाय रहा।
बुरा कर्म करने में समर्थ, जिसको सभी सराह रहा॥ ३॥
नर-नारी सब एक सरीखा, सभी शीत में झूल रहा।
यह सभी को भरम हुआ जाने, मनुष्य जन्म दर्शाय रहा॥ ४॥
गुण, कर्म, स्वभाव सभी पशुपन का, जाति वर्ण में डूब रहा।
बिन वेदान्त योग बिन, ऐसा मूरख गुरु पूजीज रहा॥ ५॥
श्री सतगुरु स्वामी दीप दयालु, सत्य वचन फरमाय रहा।
ब्रह्मानन्दपुरी कहे, प्रनामा इस देश का हाल सुनाय रहा॥ ६॥

इस भजन से वहाँ पर उपस्थित पशु समान व्यक्तियों पर गहरा व्यंग्य प्रकट किया गया। सभी लोग बहुत प्रसन्न हुए एवं श्री ब्रह्मानन्दजी की प्रशंसा करने लगे और कहने लगे कि, "श्री ब्रह्मानन्दजी हिन्दू संस्कृति के सच्चे सेवक है।" उस समय वहाँ उपस्थित कुछ लोगों ने श्री ब्रह्मानन्दजी से पूछा, "आप सदैव स्वरचित भजन ही क्यों गाते हैं?" इस प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री ब्रह्मानन्दजी ने कहा, "मेरे अन्दर परमगुरु परमात्मा ही बोलते हैं, वही मेरे अन्दर इन भजनों को बनाते हैं तथा गाते हैं।"

श्री ब्रह्मानन्दजी ने एक और अन्य अनुपम भजन यहाँ प्रस्तुत किया—

भजन (राग आसावरी)
ऐसा मेरा सतगुरु अन्दर बोले।
निराकार, चेतन, अविनाशी, भेद भरमना खोले॥टेर॥
आप अनादि अविचल गादी, सदा निरन्तर खेले।
उन मुनि ध्यान धरे निश वासर, सहज मुक्त में मेले॥१॥
परापार पूर्ण घन सागर, ज्योति ब्रह्म उजाले।
हिरदे कमल में तख्त विराजै, वा अनुभव वाणी बोले॥२॥
अरा उदर की सुलट सुमरित, पार ब्रह्म पर खोले।
नाभ कमल में चालत ओम, सुरति सोहं तोले॥३॥
ब्रह्मानन्द आनन्द होवेला, मैहरम मोती पोले।
श्री दीप दयाल मिल्या गुरु पूरा, चरण कमल में होले॥४॥

इस भजन को सुनकर कुछ भक्तजनों ने श्री ब्रह्मानन्दजी से यह जानना चाहा कि, "आपका गुरु परमात्मा कहाँ है?" इस प्रश्र का उत्तर देते हुए श्री ब्रह्मानन्दजी ने कहा कि मेरे गुरुदेव परमात्मा तो सर्वव्यापी हैं। ऐसा कहकर उनको यह भजन सुनाया--

भजन
साधो भाई मेरा सतगुरु मुझ माँही।
सर्वेश्वर सब जग में व्यापक, फेर पूछो तुम कांई॥१॥
नभ ज्यूं नूर निरन्तर कहिये, शुद्घ स्वरूप साँई।
बिना भेद तुम कबहुं नहीं पावो, भूल भरम में रह जाई॥२॥
समज्यां बिना सबर नहीं आवे, क्या कहूं समझाई।
पोथी पढ़-पढ़कर पण्डित याक्यां, दुर्मत दोजख जाई॥३॥
सतगुरु आप अलख अविनाशी, सो गीता में गाई।
श्री दीप दयाल की करूं वन्दना, ब्रह्मानन्दजी गम पाई॥४॥

इस भजन द्वारा समस्त भक्त श्रोतागण यह समझ गये कि श्री ब्रह्मानन्दजी को सच्चे सदगुरु परमात्मा ही मिले हैं।

श्री ब्रह्मानन्दजी ने फकीरी के कार्य को अत्यन्त कठिन बताया है। इसे विरले सदपुरुष ही निभा सकते हैं। इसी प्रसंग में श्री ब्रह्मानन्दजी ने निम्र भजन की रचना की--

भजन (राग-प्रभात फकीरी)
फकीरी करता है सन्त करूर।
तजदे जिकर फिकर उदासी, उनमुन रहे भरपूर।
ऐसा मगन भया मतवाला, ज्यौं रे अनहद उगा सूर॥ १॥
तज दी लाज सब कीना, धुन में धरिया ध्यान।
आपो आप ब्रह्म से बातां, सम्मुख करते बयान॥ २॥
सजिया साज काज सब सरिया, भवसागर तर जाय॥
ऐसा आप अकेला रमता, ज्यारें मुख पर नूर सवाय॥ ३॥
लापन लेप लोभ कछु नाहीं, निर इच्छा निरवाण।
अना सूरति कोई आन प्राप्त, जिन सहजा शिरोमणि मान॥ ४॥
राग न द्वेष हेतु कुछ भी नाहीं, सब चेतन जान।
श्री दीप दयाल आनन्द धनसागर, ब्रह्मानन्द निरवाण॥ ५॥

इस प्रकार अनेक अवसरों पर अपने अनुभवों के आधार पर रचे गये भजनों का संग्रह "श्री ब्रह्मानन्दजी वाणी प्रकाश" के नाम से प्रकाशित हुआ । इसके अध्ययन से ज्ञात हो जाता है कि श्री ब्रह्मानन्दजी महाराज एक ब्रह्म ऋषि महापुरुष थे।

वैसे भी श्री ब्रह्मानन्दजी बहुत से लोगों को सन्मार्ग पर लाये थे। बहुत से दुर्व्यसनियों को दुर्व्यसनों से छुटकारा दिलाया था। अन्त में आप जीवित ही समाधि लेकर अमर हो गये। आपका यश इस धरती पर सूर्य और चन्द्रमा की भाँति चमकता रहेगा।