
राजस्थान के नागौर जिले के 'पावा' गाँव में गोस्वामी मठाधीश्वर महन्त श्री सुन्डापुरीजी गृहस्थी में रहते हुए भी जीवन मुक्त सन्त थे । इनके पुत्र-रत्न श्री लालानन्दजी अत्यन्त होनहार व्यक्ति थे। वैसे सांसारिक सम्बन्धों के हिसाब से श्री लालानन्दजी, श्री महाप्रभुजी की बहिन के पुत्र थे अत: श्री महाप्रभुजी के वैसे तो भानजे लगते थे। श्री लालानन्दजी बाल्यकाल से ही अत्यन्त सुशील, सुड़ौल तथा मनोहर बालक थे। उनके मुखमण्डल पर बचपन से ही महात्मा के लक्षण स्पष्ट दिखायी देते थे। सदैव अपनी धुन में मस्त रहने वाले श्री लालानन्दजी सत्संग का नाम सुनते ही शीघ्र वहाँ पहुँच जाते थे। बचपन से ही ईश्वर साधना में मस्त हो गये थे।
एक दिन गाँव खारडिय़ा के विरक्त संन्यासी एवं मठाधीश्वर महन्त श्री दयालपुरीजी गाँव पावा पधारे। इनके पधारने पर ग्रामवासियों द्वारा सत्संग का आयोजन किया गया। उस सत्संग में रातभर श्री लालानन्दजी भी विराजमान रहे। वहाँ पर भजन सुनते-सुनते अनायास ही श्री लालानन्दजी समाधिलीन हो गये। बहुत देर तक उनकी समाधि नहीं खुली।
उनकी समाधिगत अवस्था को देखकर श्री दयालपुरीजी बहुत प्रभावित हुए और उन्होंने कहा कि, "इस प्रकार की समाधि तो आज दिन तक मुझे भी कभी प्राप्त नहीं हुई है। निश्चित ही यह बालक पूर्व जन्म का महायोगी पुरुष है तभी तो इसने इस प्रकार की समाधि ली है।" उस समय श्री सुन्डापुरीजी से प्रार्थना करते हुए कहा कि, "लालानन्दजी को आप मुझे दे दीजिये। यह विभूति मेरे मठ की शोभा बढ़ायेगी। इससे मेरे मठ की यश-कीर्ति में वृद्घि होगी।"
तब श्री दयालपुरीजी से श्री लालानन्दजी के माता-पिता ने विनम्र निवेदन करते हुए कहा कि, "आप इस बालक को सहर्ष अपने साथ ले जा सकते हैं।" यह बात सुनकर श्री दयालपुरीजी अत्यन्त प्रसन्न हुए। श्री लालानन्दजी को अपने साथ लेकर वे अपने गाँव खारड़िया पधारे। स्वयं श्री दयालपुरीजी ने इस बालक का पालन-पोषण किया। श्री लालानन्दजी के मुखारविन्द की ओर निहार कर श्री दयालपुरीजी फूले नहीं समाते थे।"
कुछ वर्षों के बाद उस मठ के महन्त श्री दयालपुरीजी ने समाधि ले ली। उनकी समाधि के बाद श्री लालानन्दजी उस गद्दी पर आसीन हुए तथा महामण्डलेश्वर के नाम से विख्यात हुए। आप मठ के कार्य को सुचारू रूप से चलाने लगे।
इतना सब कुछ होते हुए भी इनकी अन्तर्रात्मा में किसी आत्म ज्ञानी गुरु के दर्शन की जिज्ञासा बनी रहती थी। वे कभी-कभी श्री देवडूँगरी संन्यास आश्रम में श्री महाप्रभुजी के पास आते-जाते रहते थे। श्री महाप्रभुजी के सत्संग व सान्निध्य से आप बहुत प्रभावित थे।
श्री लालानन्दजी ने एक दिन श्री भगवान् श्री दीपनारायण महाप्रभुजी से विनम्र निवेदन किया, "हे गुरुदेव! आपका दिव्य प्रकाश मेरे घट में प्रकट होना चाहिये।" इस निवेदन को सुनकर कृपानाथ श्री महाप्रभुजी ने कहा, "आषाढ़ शुक्ला पूर्णिमा (गुरु पूर्णिमा) के दिन तुम्हें सत्य स्वरूप का साक्षात्कार तथा दीक्षादान मिल जायेगा।"
श्री महाप्रभुजी के आशीर्वाद को सुनकर श्री लालानन्दजी बहुत प्रसन्न हुए। कालान्तर में उन्होंने आषाढ़ शुक्ला पूर्णिमा को प्रात: ब्रह्ममुहूर्त में सर्वप्रथम गुरु वन्दना की एवं चरणामृत ग्रहण किया। इस शुभावसर पर श्री लालानन्दजी ने श्री दीपनारायण भगवान् महाप्रभुजी की स्वरचित स्तुति अपनी मधुर वाणी से सुनायी--
स्तुति
श्री दीप दीनदयाल प्रभुजी, वन्दना मेरी यही॥ प्रभु॥
काट बन्धन पार कीजो, तार जो तत्काल ही॥ टेर॥
शारदा शिव शेष तार्या, और दस अवतार ही॥ प्रभु॥
कपिल, करदव, व्यास, नारद, गाँवे यश तुम्हारा ही॥ श्री॥
जनक, शुक्र, वशिष्ठ, मुनि जन, गूडा केश विचार ही॥ प्रभु॥
चार वेद, पुराण, अष्टदश, गुरु आज्ञा सिर धार ही॥ श्री॥
अगम, अपार, अखण्ड, निर्गुण, नेहचल निराधार ही॥ प्रभु।।
व्योम, रोम सर्व में व्यापक, रवि, चन्द्र, सितार ही॥ श्री॥
गुरु ब्रह्म वेत्ता, धर्म नेता, इष्ट मम ठाकुर सही॥ प्रभु॥
रज चरण पतित पावन, दास लालानन्द कही॥ श्री॥
स्तुति
हो गुरु सुख धाम स्वामी, सर्व जगत के कारणम॥ प्रभु॥
सुखकन्द हो आनन्द जी, निष्कन्द हो मम तारणम॥ टेर॥
निरवान हो सुख खान हो, निधान कारज सारणम॥ प्रभु॥
निराधार हो निर्विकार जी, करतार भक्त उद्घारणम॥ गुरु॥
हर आप हो अणमाप जी, त्रिय ताप उरसे तारणम ॥ प्रभु॥
सत ईश हो जगदीश जी, कहे वेद नेति उच्चारणम॥ गुरु॥
प्रतिपाल हो रखवाल जी, पद तन मनोधन वारणम॥ प्रभु॥
ब्रह्मनिष्ठ हो मम इष्ट जी, कहे श्रुति सन्त पुकारणम्॥ गुरु॥
गुरुदेव हो महादेव जी, भूमि के भार उतारणम॥ प्रभु॥
श्री दीप हो समीप जी, कहे लाल अर्ज गुजारणम॥ गुरु॥
इन स्तुतियों को सुनकर भगवान् श्री दीपनारायण ने परमकृपा दृष्टि से आपकी ओर निहार कर आपके सिर पर श्री महाप्रभुजी ने अपना वरद हस्तकमल रखकर अपने दिव्य स्वरूप को श्री लालानन्दजी की अन्तर्रात्मा में साक्षात्कार किया।
उस समय श्री लालानन्दजी को सहज समाधि तथा तुरीया अवस्था प्राप्त हो गयी। वे रात-दिन श्री महाप्रभुजी के स्वरूप में मस्त रहते थे। श्री गुरुदेव के विरह में दीवानों की तरह गाते फिरते थे। कभी-कभी तो विरह में रोने भी लग जाते थे। उनकी उस अवस्था को देखकर कई लोग प्रश्न करते थे, "आपको क्या हो गया है? आपको कोई बीमारी तो नहीं है? आप इलाज क्यों नहीं कराते?" इत्यादि।
लोगों के इन प्रश्नों को सुनकर श्री लालानन्दजी हँसने लगते तथा कहते, "मेरी बीमारी का इलाज किसी वैद्य या हकीम के पास नहीं है।" उन्होंने अपनी व्यथा इस भजन द्वारा सुनायी--
भजन (राग-रसिया)
क्या तुम जानत हाल हमारा, मेरे सतगुरु मारया तीर।
लगी आय कर चोट हमारे, नैना टपके नीर॥ टेर॥
रोम-रोम चिल्लाता मेरा, सुनकर ज्ञान गम्भीर।
भया दर्द अब दिल के अन्दर, जाने न पण्डित पीर॥ १॥
मूर्छा खाकर गिरा धरण पर, दिया कलेजा चीर।
वैद्य, हकीम कोई नहीं जाने, दर्द यही दिल गीर॥ २॥
जिसके लागी वो ही जाने, दूजा न जाने और।
श्री दीप दयाल मिल्या प्रभु पूर्ण, कर दिया चकनाचूर॥ ३॥
शब्द तीर की ऐसी मारी, मिट गया मन मगरूर।
लाल कहे अब धोखा नहीं, सुन्न में उगा सूर॥ ४॥
इस भजन को सुनकर लोगों को ज्ञात हो गया कि सच्चे सदगुरु के शब्दों की चोट लगने पर ही ऐसी हालत होती है। इसके लिए कहा भी है--
"लागी लागी सब करै, लागी नहीं लिगार।
लागी जिसके ऐसी लागी, हो गयी आरम्पार॥"
एक बार बहुत से सन्त श्री लालानन्दजी महाराज के पास बैठे हुए सत्संग कर रहे थे। उन्होंने श्री लालानन्दजी से पूछा, "आपने श्री महाप्रभुजी से क्या प्राप्त किया? सो उसे विस्तारपूर्वक हमें बताइये?" उनके प्रश्न के उत्तर में श्री लालानन्दजी महाराज ने यह स्वरचित भजन गाकर सुनाया--
भजन (राग-आसावरी)
संतों आत्मधन को पाया।
सतगुरु मेहर करी मुझ ऊपर, सत्य उपदेश बताया॥टेर॥
ना कोई भेष धराया हमने, ना कोई मुंड मुन्डाया।
ना कोई कान फड़ाया हमने, ना कोई जटा बढ़ाया॥१॥
ना कोई तंत्र-मंत्र साधना, ना कोई भस्म रमाया।
ना कोई गुफा खुदवायी हमने, ना कोई प्राण चढ़ाया॥२॥
ना कोई काशी गंगा जाऊं, ना कोई पत्थर पूजाया।
ना कोई धूणां आसन साधु, ना कोई व्रत कराया॥३॥
श्री दीप दयाल के चरण कमल में, होय निर्मल सिर नहाया।
लालानन्द कहे धन्य सतगुरु पाखण्ड पंथ छुड़ाया॥४॥
यह भजन सुनकर सभी संतों ने कहा, सतगुरु कृपा का यह प्रत्यक्ष प्रमाण है। समर्थ गुरु ही अपनी दिव्य शक्ति द्वारा अपने प्रिय शिष्य को बिना कष्ट व साधना के ही पूर्ण सिद्घ कर सकते हैं। जिज्ञासु भक्तों ने उस समय श्री लालानन्दजी से और भी अनेक प्रश्न पूछे थे। जैसे आपके सतगुरु कहाँ के निवासी हैं ? उनकी मातृभूमि कहाँ पर हैं ? उनका स्वभाव कैसा है ? इत्यादि ।
श्री लालानन्दजी महाराज ने इन सब प्रश्नों के उत्तर में तत्काल ही एक भजन रचकर उन्हें सुनाया--
भजन (राग-बधावा)
श्री हरिवासणी हर प्रगटिया हो जी, शंकर के अवतार।
ताँही चरण मेरी वन्दना हो जी, बारम्बार लखबार॥टेर॥
सतलोक से पधारिया हो जी, जीवों के हितकार।
चन्दन देवी श्रीमती माता के हो जी, गर्भ लियो अवतार॥ १॥
देश मरुधर के माँही ने हो जी, खाटू नगर निहार।
उत्तर पश्चिम की कोण में हो जी, मील हरिपुर चार॥ २॥
गोस्वामियों के वंश में हो जी, तारण, तिरणे हार।
धर्म वृद्घि के कारण हो जी, कियो वेदान्त प्रचार॥ ३॥
जीवन मुक्त सम जनक के हो जी, वक्ता व्यास विचार।
शीलवन्त सम राम के हो जी, श्री गुरुदीप हमार॥ ४॥
जहाँ-जहाँ भारतवर्ष में हो जी, हो रहा है जै जै कार।
लाल कहे मेरे धन्य सतगुरु हो जी, कोटि जाऊं बलिहार॥ ५॥
श्री लालानन्दजी महाराज ने उनसे कहा, "मेरे प्राणनाथ परमात्मा श्री महाप्रभुजी का जीवन मुक्ति राजा जनक की तरह है। वक्ता के रूप में भगवान् वेद व्यास की तरह व शील में भगवान् राम के समान हैं।" यह सुनकर सब संतों ने आपसे कहा, "ऐसा सर्वगुण-सम्पन्न व आत्म-ज्ञानी महात्मा किसी पुण्यशाली आत्मा को ही मिलता है। उनकी कृपा दृष्टि मात्र से ही बिना परिश्रम के उस पुण्य व भाग्यशाली आत्मा को सर्वस्व प्राप्त हो जाता है।"
श्री महामण्डलेश्वर श्री लालानन्दजी महाराज परम विद्वान, ब्रह्मनिष्ठ, क्षत्रिय, तत्वदर्शी, लक्षार्थी और ज्ञानी पुरुष थे। ये योग विधि से जीवित ही समाधि में लीन हो गये। आप जोधा वंशीय क्षत्रियों के कुलगुरु तथा राजगुरु थे।
श्री लालानन्दजी महाराज द्वारा रचित भजन, राग रागनी भरे परम मनोहर हैं जो पुस्तक रूप में, "श्री लालानन्द भजन बोध प्रकाश" के नाम से प्रकाशित हुए हैं। इस पुस्तक में संग्रहित भजनों का अध्ययन करने से आत्म-शांति प्राप्त होती है।