Lila Amrit

उपदेश · सभी अध्याय

सदगुरु सेवा

सदगुरु सेवा ही परमार्थ का जन्म-स्थान है। सदगुरु सेवा से आप ही आप समाधान मिलता है। भजन भाव से सदगुरु का चित्त प्रसन्न करना चाहिये। ऐसा दाता सदगुरु ही है, जो शरणागतों की चिन्ता मातृवत करता है। नाना यत्न करके माता के समान बालक रूपी शिष्य का पालन-पोषण करता है, अत: जिससे गुरु सेवा बन पड़ती है, वह धन्य है। सतगुरु की सेवा बिना शान्ति का अन्य उपाय नहीं। श्रीमद् भागवत में भगवान्‌ श्री कृष्ण उद्घव से कहते हैं, "संसार में गुरु मेरा ही स्वरूप है। हे उद्घव! ऐसा जान के कभी भी गुरु का अपमान नहीं करना चाहिये। जो अपने जीवन में केवल गुरु सेवा करता है, उसको अनायास ही ब्रह्मलोक की प्राप्ति होती है। श्री गुरुदेव की पूजा से ऋषि-पित्तर देवता भी प्रसन्न होते हैं। अत: गुरु ही पूज्यतम है। गुरु भक्ति हीन होकर सर्वस्व देने पर भी नरक ही प्राप्त होता है। इससे भक्ति ही सकल सिद्घियों का कारण है। गुरु भक्ति से परे भक्ति का शास्त्र में कुछ भी वर्णन नहीं किया गया है तथा गुरु पूजा बिना कोटि पुण्य भी वृथा हो जाता है। जैसे कुदाली द्वारा खोदने से जल प्राप्ति होती है। ऐसे ही गुरु सेवा से विद्या प्राप्त होती है।

गुरु चरणोदक को जो नित्य पान करता है, वह धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष को अनायास ही प्राप्त करता है तथा गुरुदेव का जो प्रसाद भक्षण करता है उसका कोटि जन्मों का पाप कट जाता है। यदि गुरु में शिष्य की मनुष्य बुद्घि हो तो सौ कोटि कल्प में भी शिष्य की सिद्घि नहीं होती है।

आसन-शयन, वस्त्र, वाहन, आभूषण आदि गुरु के सन्तोष के लिए समर्पण करना उचित है। गुरु चरणामृत का पान, गुरु उच्छिष्ट भोजन, गुरु मूर्ति ध्यान, गुरु स्त्रोत नाम, गुरु गीता का पाठ सदा करना चाहिये।

शिष्य गुरु के सामने खड़ा रहे, उसके पश्चात् गुरु की आज्ञा लेकर पृथक आसन पर बैठे। उनके सन्मुख अपना शरीर वस्त्रादि से आच्छादन करके, विनय सहित और भय रहित होकर स्थित होवे।

गुरु के खड़े होने पर शिष्य खड़ा होवे। उनके बैठने पर आज्ञा लेकर बैठ जावे। उनके शयन करने पर चरण सेवा करे और उनके गमन करने पर चरण सेवा करे और उनके गमन करने पर पीछे गमन करे।

शरीर, वचन, बुद्घि, इन्द्रिय गुण और मन को रोक कर श्री गुरु मुखारविन्द की ओर देखता हुआ खड़ा रहे।

गुरु के सम्मुख साधारण अन्न भक्षण करना, साधारण वस्त्र पहनना, गुरु के पहले शयन से उठना और गुरु के शयन के पीछे शयन करना चाहिये।

गुरु के समीप नीचे शय्या पर शयन करना, नीचे आसन पर बैठना चाहिए और उनके सम्मुख लम्बे पैर करना या पैर पर पैर करके नहीं बैठना चाहिये।

गुरु के सम्मुख चपलता तथा स्त्री सम्बन्धी बात करना और अहंकार करना, ये कार्य त्याग देना चाहिये और बिना गुरु से पूछे कोई बात व कार्य नहीं करना चाहिए और गुरु के किसी कार्य को निषेध भी नहीं करना चाहिये।

गुरु मुख स्थित पर ब्रह्म तत्व गुरु प्रसाद से ही प्राप्त होता है। इसलिए अपने आश्रम, विद्या, जाति, कीर्ति के अभिमान को छोड़कर गुरु शरण होना उचित है।

गुरु के पीछे गुरु का अधूरा नाम उच्चारण नहीं करना चाहिए तथा गुरु के चलने, कहने और कार्य करने की नकल नहीं करना चाहिये। वाद-विवाद करने से खर की योनि और निन्दा करने से कुत्ते की योनि और अनायास या छल से गुरु द्रव्य का भोग करने से कृमि योनि शिष्य को प्राप्त होती है।

गुरु के सम्मुख उनके सिवाय अन्य की पूजा तथा उपदेश करना और अपनी श्रेष्ठता जताना ये कार्य नहीं करना चाहिये।

गुरु के साथ ऋण लेना तथा किसी वस्तु का मोल लेना, बेचना आदि कार्य शिष्य को नहीं करना चाहिये, गुरु आज्ञा का उल्लंघन न करे तथा उनके प्रति प्रत्युत्तर न दे। दिन-रात दास की भाँति उनकी आज्ञा पालन करे।

हित हो या अहित हो यदि शिष्य गुरु वाक्य श्रवण न करे अथवा सुनकर पालन न करे तो उसे रौरव नरक की प्राप्ति होती है और पश्चात् शूकर, कूकर योनि की प्राप्ति होती है।

जो गुरु की आज्ञा भंग करता है तथा उनकी निन्दा व अप्रिय आचरण करता है और उनसे शत्रुता करता है, उसका संग त्याग करे। गुरु के प्रति कड़े शब्द बोले अथवा निन्दा करे और शत्रुता करे, वह निर्जन वन का ब्रह्म राक्षस हो जाता है।

गुरु की पादुका, वस्त्र, शय्या, भूषण आदि देखकर नमस्कार करके रख देना चाहिये, उन्हें अपने काम में नहीं लाना चाहिये।

गुरु को कभी मनुष्य रूप नहीं समझना चाहिये, क्योंकि ऐसा जानने से मंत्र व पूजा द्वारा कोई भी सिद्घि प्राप्त नहीं होती है।

अत: सर्व कार्य के नियामक श्री गुरुदेव भगवान्‌ की ही शरण लेनी चाहिये। गुरु ही सकल भावों में अद्वितीय भाव है। अत: परम करुणामय संसार समुद्र से तारने वाली नौका रूप श्री गुरुदेव के प्रति मुमुक्षु शिष्य का उपरोक्त शास्त्र विहित कर्तव्य है। इस प्रकार कर्तव्य समूह का अनुष्ठान नियमित रूप से करने पर शीघ्र ही गुरु कृपा पात्र होकर अनायास संसार समुद्र से पार हो सकते हैं। इसमें किंचित् मात्र भी सन्देह नहीं है।

ॐ श्री दीप नारायण नम: